जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली में आईटी पार्क की शुरुआत युवाओं के लिए रोजगार और तकनीकी विकास के नए रास्ते खोलेगी। अब यहां के युवाओं को आईटी क्षेत्र में अवसर तलाशने के लिए नोएडा, बंगलुरु जैसे शहरों की ओर जाने की मजबूरी नहीं रहेगी। बरेली में ही आईटी उद्योग का विस्तार होगा और बड़ी परियोजनाएं लाई जाएंगी।

सीबीगंज में एसटीपीआई की ओर से बनाये गए आईटी पार्क के उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने यह भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि बरेली और रुहेलखंड में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें अवसर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सात एसटीपीआई केंद्र हैं। तकनीक और आईटी क्षेत्र में युवाओं के लिए संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का लक्ष्य एक करोड़ लोगों को एआई से लैस कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

WhatsApp Image 2026-11-26 at 3.10.54 PM

युवाओं को तकनीक की इस धरोहर का इस्तेमाल कर आगे बढ़ना चाहिए। सरकार की प्राथमिकता युवा हैं और उनके भविष्य को संवारने के लिए हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

जितिन प्रसाद ने कहा कि टेक्नोलाजी और ट्रेड भारत को आगे ले जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लखनऊ को एआई सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में काम हो रहा है।

प्रदेश सेमीकंडक्टर के क्षेत्र भी आगे बढ़ रहा है और चिप निर्माण जैसी तकनीक भारत को आत्मनिर्भर बनाएगी। इससे भविष्य में दूसरे देशों पर निर्भरता कम होगी। नोएडा, कानपुर और लखनऊ की तरह बरेली को भी आईटी हब बनाने की क्षमता है।

उन्होंने कहा कि पहले गुंडाराज के कारण उद्योगपति प्रदेश में आने से कतराते थे, लेकिन पिछले दस वर्षों में औद्योगिक विकास को गति मिली है। बरेली में आईटी पार्क की शुरुआत इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

स्थानीय लोगों और युवाओं का साथ मिला तो यहां बड़ी परियोजनाएं लाई जाएंगी और आईटी पार्क का विस्तार कर युवाओं का भविष्य साकार किया जाएगा।

कार्यक्रम में युवाओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्टाल लगाए गए, जहां सीएचसी, आधार अपडेट और फोटो बूथ जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने युवाओं से इन सुविधाओं का लाभ उठाने और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।



Source link

अभी अभी की खबरें