ग्राहक बनकर पहुंचे इंस्पेक्टर, अवैध बाइक टैक्सी रैकेट का भंडाफोड़
यातायात जाम का सबब बन रहे अवैध बाइक टैक्सी चालकों के खिलाफ चौक पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। चौक इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने सादे वेश में स्वयं ग्राहक बनकर इस नेटवर्क का पर्दाफाश किया। पुलिस ने बिना वैध परमिट के ओला, रैपीडो और अन्य राइड-हेलिंग एप की आड़ में चल रहे 20 दोपहिया वाहनों को जब्त कर चालकों को हिरासत में लिया।
चौक इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि चौक थाना क्षेत्र की संकरी गलियों और मुख्य मार्गों पर निजी नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहन अवैध रूप से सवारियां ढो रहे हैं। इससे न केवल यातायात व्यवस्था चरमरा रही थी, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे थे। सादे कपड़ों में वह बांसफाटक के पास एक राइड बुक की। जैसे ही चालक सवारी बैठाने पहुंचे, पहले से मुस्तैद दालमंडी चौकी प्रभारी और केवीएम चौकी प्रभारी की टीम ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। अवैध बाइक टैक्सी चालक निजी नंबर प्लेट वाले वाहनों का उपयोग कर रहे थे। वे ओला, रैपीडो जैसे राइड-हेलिंग एप के नाम पर सवारियां ढोते थे। पुलिस ने 20 वाहनों को सीज कर दिया है।
काशी विश्वनाथ में कतार विवाद सुलझाने गए पीएसी जवान पर हमला
काशी विश्वनाथ मंदिर के पास दर्शनार्थियों की कतार में विवाद सुलझाने गए पीएसी के एक मुख्य आरक्षी पर हमला हुआ। आरोपी ने उनकी वर्दी पकड़कर जमीन पर पटक दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। दशाश्वमेध थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रविवार को प्राथमिकी दर्ज की है।
34वीं वाहिनी पीएसी भुल्लनपुर में तैनात मुख्य आरक्षी रामकिशुन यादव ने पुलिस को बताया कि वह गश्त ड्यूटी पर थे। बांसफाटक गली नंबर-1 में काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शनार्थियों की लंबी कतार के पास तैनात थे। लाइन में एक अज्ञात महिला से विमलेश कुमार तिवारी नाम का व्यक्ति वाद-विवाद कर रहा था। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर पहुंचा। बीच-बचाव कर समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान विमलेश कुमार तिवारी अचानक हिंसक हो गया।
उसने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए वर्दी पकड़ी और इसके बाद उन्हें जमीन पर गिरा दिया। जमीन पर गिरने से सिर में गहरा घाव हो गया। घटना के बाद आरोपी विमलेश कुमार तिवारी भीड़ से बचकर भाग निकला। साथी जवानों ने तत्काल घायलावस्था में काशी विश्वनाथ मंदिर स्थित हिंदू सेवा सदन अस्पताल में उपचार कराया। दशाश्वमेध थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घायल मुख्य आरक्षी रामकिशुन यादव की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
