कासगंज के नदरई गेट बाजार के एसबी प्लाजा में स्थित विशाल मेगा मार्ट के वेयरहाउस में बुधवार सुबह करीब 11.30 बजे शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। फायर अलार्म बजते ही स्टाफ सहित प्लाजा में मौजूद अन्य लोग बाहर निकल आए। बाजार में 300 मीटर दूर तक काले धुएं के गुबार उठने से लोग खांसी और आंखों में जलन से परेशान रहे। पांच जिलों से पहुंची दमकल की गाड़ियों ने छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, धुएं का गुबार रात तक निकलता रहा। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के मकान और दुकान खाली करा दिए हैं। आग लगने के प्रमुख कारणों की जांच की जा रही है।
एसबी प्लाजा में विशाल मेगा मार्ट के सेकेंड फ्लोर पर स्थित वेयरहाउस में बुधवार को सुबह करीब 11.30 बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। उस वक्त मार्ट में तीन स्टाफ के लोग और एक गार्ड मौजूद था। धुआं उठने पर फायर अलार्म बजा तो खलबली मच गई। स्टाफ ने अग्निशमन यंत्र की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते आग विकराल रूप लेते चली गई। तब स्टाफ के लोग भी बाहर निकल आए और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने पहले प्लाजा में आगे की ओर से ऑक्सीजन सिलिंडर के साथ दाखिल हुई, लेकिन अंदर आग की लपटें तेज होने पर पीछे की दीवार काटकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।

2 of 11
लपटों देख दहशत में प्रार्थना करता व्यक्ति।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सूचना पर डीएम प्रणय सिंह, एसपी ओपी सिंह समेत तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बचाव कार्य के लिए पांच जिलों से दमकल की 12 गाड़ियों को मौके पर बुलवा लिया गया। एहतियात के तौर पर बाजार जाने वाले रास्ते पर बेरिकेडिंग लगाकर ट्रैफिक रोक दिया गया। आसपास की दुकानों बंद करा दिया गया और मकानों को खाली करा दिया गया। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल टीम ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन काले धुएं का गुबार रात तक निकलता रहा।

3 of 11
आग से धुएं का गुबार छा गया।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हादसे में करीब एक करोड़ से ज्यादा का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, असल आकलन आग के पूरी तरह ठंडा होने के बाद ही हो सकेगा। डीएम प्रणय सिंह ने बताया कि विशाल मेगा मार्ट में शार्ट सर्किट से आग भड़क गई थी। उसमें काम करने वाले स्टाफ को निकाल लिया गया। तत्काल दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया। पड़ोसी जिलों से दमकल वाहनों को मंगवाकर आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है। नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।

4 of 11
कासगंज अग्निकांड।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आग के बाद भी खुली थी प्लास्टिक सामान की दुकान, पुलिस ने कराया बंद
विशाल मेगा मार्ट में आग की घटना के बाद भी आसपास सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती जा रही थी। इसके बावजूद एक प्लास्टिक सामान विक्रेता ने अपनी दुकान खोले रखी थी और बाहर भी सामान रखा हुआ था। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की नजर दुकान पर पड़ी तो उसने तत्काल दुकान बंद करने की हिदायत दी। पुलिसकर्मी ने दुकानदार को आग की घटना के मद्देनजर एहतियात बरतने और दुकान बंद रखने को कहा। इसके बाद दुकान बंद कर दी गई। आग की घटना के बाद पुलिस आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी कर रही है।

5 of 11
कासगंज अग्निकांड।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आग के बाद नदरई गेट की गलियों में जाम, राहगीर परेशान
विशाल मेगा मार्ट में आग की घटना के बाद नदरई गेट क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। मुख्य मार्ग पर आवागमन नियंत्रित किए जाने के चलते आसपास की गलियों में वाहनों का दबाव बढ़ गया। इससे कई गलियों में जाम जैसे हालात बने रहे और राहगीरों को निकलने में परेशानी हुई। आग की घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से आसपास के मार्गों पर आवागमन नियंत्रित किया। मुख्य रास्ते से वाहन नहीं निकल सके तो लोगों ने वैकल्पिक गलियों का रुख किया। इससे संकरी गलियों में वाहनों की कतार लग गई। पैदल राहगीरों को भी बीच से निकलने में दिक्कत हुई। स्थिति को संभालने के लिए पुलिसकर्मी क्षेत्र में मौजूद रहे और यातायात को व्यवस्थित कराने का प्रयास करते रहे। आग की घटना के कारण क्षेत्र में लोगों की आवाजाही और वाहनों का दबाव सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक रहा।
