Abandoned by Their Families, Elderly Residents Find New Bonds at an Old Age Home

वृद्धाश्रम का भावुक कर देने वाला दृश्य
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार

दहलीज पर टकटकी लगाए बूढ़ी आंखें जब थक गईं और अपनों के आने की कोई आहट नहीं हुई तो आंसुओं ने ही तन्हाई का दर्द धो डाला। भाई दूज के मौके पर जब लोग घरों में टीका कर भाई-बहन की सलामती मांग रहे थे तब रामलाल वृद्धाश्रम में बेसहारा बुजुर्गों ने खुद ही नए रिश्ते बना लिए। न किसी भाई की कलाई पर रक्षा का धागा बांधने कोई बहन आई न किसी बहन के माथे पर नेह का टीका लगाने कोई भाई पहुंचा। बुजुर्गों ने एक-दूसरे को तिलक लगाया और गैरों के हाथों में ही परिवार खोज लिया।


अपनों की बेरुखी ने बनाया एक-दूजे का सहारा

जीवनी मंडी निवासी सावित्री अग्रवाल बीते तीन साल से इस आश्रम में रह रही हैं। उनके दो बेटे हैं लेकिन पारिवारिक तालमेल के अभाव और व्यस्तताओं के चलते उन्हें घर छोड़ना पड़ा। वह बताती हैं कि दोनों बेटे अपने जीवन में व्यस्त हैं और बात नहीं बन सकी। इसी आश्रम में उन्हें शास्त्रीपुरम निवासी हरिशंकर के रूप में बड़े भाई मिल गए हैं। हरिशंकर अपनी पत्नी शांति देवी के साथ तीन साल से यहां रह रहे हैं। बच्चों से सहारा न मिलने पर उन्होंने आश्रम की राह चुनी। वह बताते हैं कि उनकी एक बहन मुंबई में रहती है जिसका कभी-कभार फोन आता है। ऐसे में सावित्री उन्हें सगी बहन से भी बढ़कर स्नेह देती हैं। सावित्री भी उन्हें पिता तुल्य बड़ा भाई मानती हैं। भाई दूज पर जब सावित्री ने हरिशंकर के माथे पर तिलक लगाकर मिठाई खिलाई तो दोनों की आंखें भर आईं।

लता जी में बहन मिली

नरेश ने कहा कि सड़क हादसे के बाद मेरी पूरी जिंदगी उजड़ गई। मां का साया सिर से उठा तो सगे भाइयों ने भी साथ छोड़ दिया। चार साल से इस वृद्धाश्रम में हूं। यहां लता कपूर मुझे सगी बहन जैसा दुलार देती हैं। भाई दूज पर उनका लगाया तिलक मुझे मेरे टूटे परिवार की याद भी दिलाता है और जीने की हिम्मत भी।

अब यही मेरा परिवार

लता कपूर ने बताया कि पति के देहांत के बाद जीवन में सिर्फ अकेलापन रह गया था। ससुराल माउंट आबू में थी लेकिन आगरा में बहनें होने के कारण यहां आ गई। अपना कोई सगा भाई नहीं है। जब अपनों ने हाथ खींच लिए तो आश्रम आ गई। अब यहीं के लोग मेरे सब कुछ हैं और यहीं मैंने अपने भाई-बहन बना लिए हैं।

रामलाल वृद्धाश्रम के संचालक शिवप्रसाद शर्मा ने कहा कि अपनों के बिना हर त्योहार अधूरा सा लगता है लेकिन हमारी कोशिश रहती है कि इस चौखट के भीतर कोई भी बुजुर्ग खुद को तन्हा न समझे। साझा दुखों ने यहां सबको एक डोर में बांध दिया है और अब यह आश्रम ही इन सबका संयुक्त परिवार है।



Source link