जागरण संवाददाता, आगरा। सपा ने गुरुवार को 27 का संकल्प पीडीए का प्रण पत्र (चुनावी घोषणा पत्र) जारी कर दिया। पार्टी ने पर्यटन उद्योग पर विशेष ध्यान दिया है। शहर में सपा गंगा-जमुनी तहजीब का संग्रहालय बनाएगी। मुगल राजधानी रही फतेहपुर सीकरी को हेरिटेज टूरिज्म क्लस्टर के रूप में विकसित किया जाएगा।

पर्यटन बजट को सरकार बढ़ाएगी। प्रण पत्र में यमुना की स्वच्छता और उसे पुनर्जीवित करने का वादा भी किया गया है। सपा अभी जिलों के लिए अलग-अलग चुनावी घोषणा-पत्र भी जारी करेगी, जिनमें और अधिक वादे किए जा सकते हैं। सपा ने पीडीए प्रण पत्र में आगरा में गंगा-जमुनी तहजीब का संग्रहालय बनाने का वादा किया है। सपा ने 2012 से 2017 के कार्यकाल में शिल्पग्राम के समीप जनवरी, 2016 में मुगल संग्रहालय का काम शुरू कराया था।

सितंबर, 2020 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका नाम बदलकर छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम कर दिया था। भवन का काम अंतिम चरण में चल रहा है। सपा ने प्रण पत्र में पर्यावरण संरक्षण पर भी ध्यान दिया है। यमुना की स्वच्छता और पुनर्जीवन के लिए भारत सरकार व दिल्ली सरकार के साथ प्रदेश का पक्ष मजबूती से रखा जाएगा। इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए क्लस्टर बनाए जाएंगे। प्रदेश में साइकिल हाईवे नेटवर्क विकसित किया जाएगा। हरित व्यवसाय को बढ़ावा देने को सपा सरकार बनने पर उद्यमिता विकास नीति लाएगी।

सपा के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने बताया कि पार्टी ने 2027 के चुनाव के लिए जारी घोषणा पत्र में पर्यटन समेत सभी क्षेत्रों पर ध्यान दिया है। पार्टी जिलों के अलग-अलग घोषणा-पत्र भी जारी करेगी। इनमें सभी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।



Source link

अभी अभी की खबरें