{“_id”:”6b0938b1d9b9a01722026bc0″,”slug”:”gonda-chief-minister-yogi-adityanath-distributed-tablets-to-thousands-of-students-2026-11-27″,”type”:”feature-story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”सपा के कार्यकाल पर योगी का हमला: बोले- युवाओं को माफिया और नकल की पहचान देने वालों से हिसाब मांगना चाहिए”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने सपा के घोषणापत्र और पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल को कठघरे में खड़ा करते हुए युवाओं से विपक्ष से उसके कामकाज का हिसाब मांगने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग आज बड़े-बड़े वादे और घोषणाएं कर रहे हैं, उनसे पूछा जाना चाहिए कि सत्ता में रहते हुए उन्होंने युवाओं को कितनी नौकरियां दीं, किसानों के लिए क्या किया, नारी शक्ति के लिए क्या कदम उठाए और प्रदेश के विकास के लिए उनका योगदान क्या रहा?
शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित टैबलेट वितरण समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों की पहचान नकल माफिया, खनन माफिया, शराब माफिया और वसूली सिंडिकेट से थी। नौकरी का विज्ञापन निकलते ही वसूली करने वाले सक्रिय हो जाते थे। युवाओं की प्रतिभा को सम्मान नहीं मिलता था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पिछली सरकारों की एक ही उपलब्धि थी- ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को माफिया और दंगा मुक्त बनाने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट था। प्रदेश का नाम सुनकर लोग आशंकित होते थे, लेकिन अब हालात बदल गए हैं। आज प्रदेश का युवा सम्मान के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। यह संख्या सपा की चार और बसपा की तीन वर्ष की सरकारों में दी गई नियुक्तियों से अधिक है। उन्होंने युवाओं से कहा कि नियुक्ति पत्र उनके परिश्रम का सम्मान है, न कि किसी की सिफारिश का परिणाम।
घोषणापत्र के वादों पर मांगा जवाब
योगी ने कहा कि विपक्ष चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करता है, लेकिन जनता को उसके पुराने कार्यकाल का हिसाब भी मांगना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल घोषणाएं करने से विकास नहीं होता। इसके लिए समय, समर्पण और स्पष्ट विजन चाहिए। मुख्यमंत्री ने सपा पर परिवार तक सीमित सोच रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार प्रदेश की 25 करोड़ जनता को अपना परिवार मानकर काम कर रही है।
<!–
–>
