छुटमलपुर। मुजफ्फराबाद निवासी राकेश सैनी के घर में बेटी की शादी की खुशियां थीं। आंगन में मंगलगीत गूंज रहे थे, बरातियों का स्वागत-सत्कार हो रहा था और दुल्हन सात फेरों के साथ नई जिंदगी की शुरुआत कर रही थी, लेकिन इसी बीच दुल्हन की मां उमा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उधर, मां की मौत से बेखबर बेटी शादी की रस्में निभाती रही। परिजनों ने उसे मां के निधन की जानकारी नहीं दी। बेटी ने सात फेरे लिए और उसकी विदाई भी कर दी गई। एक तरफ बेटी की डोली उठी और दूसरी तरफ मां की अर्थी।
मुजफ्फराबाद निवासी राकेश सैनी की छोटी बेटी स्वाति की बरात बुधवार को मुलापुर गांव से आई थी। घर में सुबह से ही शादी की रस्मों को लेकर चहल-पहल थी। बरात पहुंचने पर मेहमानों का स्वागत किया जा रहा था। इसी दौरान दुल्हन की मां उमा भात की रस्म निभा रही थीं। बेटी की मामी के भात की चौकी चढ़ते ही उमा को अपने भाई की याद आ गई, जिनका कुछ समय पहले निधन हो गया था। भाई को याद कर वह भावुक हो गईं। इसी बीच अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़ीं। परिजन आनन-फानन में उन्हें स्थानीय चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उमा को मृत घोषित कर दिया। मौत की वजह हार्ट अटैक बताया गया।
इधर, शादी की रस्में चल रही थीं। परिवार के लोगों ने दुल्हन को मां की मौत की खबर नहीं दी, ताकि शादी की रस्में पूरी हो सकें। बेटी को इस बात का अहसास तक नहीं था कि जिस मां के आशीर्वाद के साथ उसे नए जीवन की शुरुआत करनी थी, वह अब इस दुनिया में नहीं रही। बेटी सात फेरे लेती रही और उधर परिवार मां को खोने के गम में टूट चुका था। परिजनों ने विदाई के समय भी बेटी को आभास नहीं होने दिया। राकेश सैनी बस चालक हैं। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। दोनों बेटियों और बड़े बेटे की शादी हो चुकी है। बुधवार को छोटी बेटी की शादी थी।