राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को गति देने के उद्देश्य से गोमती नगर स्थित बीबीडी बैडमिंटन अकादमी में दस दिवसीय उत्तर प्रदेश कोआपरेटिव एक्सपो-2026 का उद्घाटन एक दिसंबर को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य करेंगे।

मेले में एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी), एक जिला-एक व्यंजन (ओडीओसी), खादी एवं ग्रामोद्योग तथा सहकारिता क्षेत्र के उत्पादकों और हस्तशिल्पियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए मंच मिलेगा। एक्सपो के बाद सहकारिता विभाग इनके उत्पादों की मार्केटिंग के लिए उत्तर प्रदेश कोआपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन बनाएगा।

शनिवार को उत्तर प्रदेश राज्य सहकारी बैंक (यूपीएससीबी) मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने बताया कि एक्सपो प्रतिदिन दिन में 11 बजे से रात 10 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। उन्होंने कहा कि सहकारिता सामूहिक प्रयासों से समृद्धि, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तिकरण का प्रभावी आधार है।

जल्द बनेगा उत्तर प्रदेश कोआपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन

एक्सपो का उद्देश्य सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों, उत्पादकों और शिल्पकारों को शहरी उपभोक्ताओं से सीधे जोड़कर उनके लिए मजबूत बाजार संपर्क स्थापित करना है। इनके उत्पादों को बाजार मुहैया कराने के लिए जल्द ही उत्तर प्रदेश कोआपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन बनाया जाएगा।

उत्पादों की बिक्री के लिए डिजिटल प्लेटफार्म भी मुहैया कराया जाएगा। सहकारी संस्थाओं को आधुनिक तकनीक, बेहतर विपणन व्यवस्था, ब्रांडिंग, पैकेजिंग और नए व्यावसायिक अवसरों से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर भी जोर रहेगा।

राठौर के मुताबिक इफको और नैफेड के साथ खाद्य प्रसंस्करण, खादी एवं ग्रामोद्योग, माटीकला, विभिन्न जिलों की सहकारी समितियां, सहकारी संघ, उत्पादक समूह, किसान, दुग्ध उत्पादक, मत्स्य पालक, कारीगर, महिला स्वयं सहायता समूह और लघु उद्यमी भी अपनी सेवाओं व उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे।



Source link