Kasganj: Container Truck Hits Wedding Car, Bride and Groom Among Four Injured

हादसे में क्षतिग्रस्त कार और अस्पताल में बैठी दुल्हन
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

कासगंज के सोरोंजी कोतवाली क्षेत्र में गोरहा के पास बुधवार सुबह दुल्हन को विदा कराकर लौट रहे बरातियों की कार को सामने से आ रहे कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में दूल्हा और दुल्हन समेत कार सवार चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची गोरहा चौकी पुलिस ने चारों घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। 


अलीगढ़ जनपद के छर्रा थाना क्षेत्र में गांव रुखाला निवासी पृथ्वी सिंह के दूसरे नंबर के बेटे सोनू (22) की शादी मंगलवार को सोरोंजी कोतवाली क्षेत्र के गांव फतेहपुर कला निवासी रामजीत की तीसरे नंबर की बेटी क्रांति (20) के साथ हुई थी। एक दिन पहले रुखाला गांव से बरात फतेहपुर कला पहुंची थी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद बुधवार सुबह दूल्हा सोनू अपनी दुल्हन क्रांति को विदा कराकर कार से वापस ले जा रहा था। इसी दौरान गोरहा के पास सामने से आ रहे कंटेनर ने कार में टक्कर मार दी।

हादसे में दूल्हा सोनू और दुल्हन क्रांति के अलावा अलीगढ़ जनपद के अतरौली थाना क्षेत्र के गांव समसपुर निवासी राजू (37) और गांव केतर निवासी हरेंद्र (40) भी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची गोरहा चौकी पुलिस ने चारों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से भाग गया। दुल्हन के भाई गुलाब सिंह ने बताया कि अभी मामले में पुलिस को तहरीर नहीं दी है। बहन-बहनोई का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।



Source link

अभी अभी की खबरें