Aligarh News: खैर कोतवाली क्षेत्र की बरका पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले एक गांव में महिला के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पड़ोस के ही कुछ युवकों और उनके परिजनों पर घर में घुसकर मारपीट करने, गाली-गलौज करने और कपड़े फाड़ने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने खैर पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

पीड़िता महिला ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि रात करीब आठ बजे वह अपने घर में अकेली खाना बना रही थी। इसी दौरान कुछ लोग हाथों में तमंचा, लाठी और डंडे लेकर उसके घर में घुस आए। आरोप है कि घर में घुसते ही उन्होंने उसके पति के बारे में पूछते हुए जान से मारने की धमकी दी।

महिला का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उसे पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके साथ अभद्रता की गई और कपड़े भी फाड़ दिए गए। पीड़िता के मुताबिक, वह घर में अकेली थी, जिसके चलते अपना बचाव नहीं कर सकी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे तो आरोपी धमकी देते हुए वहां से चले गए।

पीड़िता ने शिकायती पत्र में 22 नवंबर को हुई एक अन्य घटना का भी जिक्र किया है। उसका आरोप है कि इससे पहले उसके पति को खेत पर घेरकर लाठी-डंडों से मारपीट की गई थी। इस दौरान उनके कान के पास गंभीर चोट आई थी। महिला का दावा है कि पति के कान से लगातार खून निकल रहा है और वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकले थे।

पीड़िता महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसने घटना की सूचना डायल-112 पर दी थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसी से आरोपियों के हौसले बढ़ गए और उन्होंने दोबारा उसके घर में घुसकर मारपीट की। महिला ने अपने और पति की जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।

पीड़िता महिला ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। मामले में पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के बयान के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



Source link

अभी अभी की खबरें