ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में 100 फीसदी मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने सत्यदेव गुप्ता से करीब 18.50 लाख रुपये ठग लिए। रकम निकालने के लिए 50 फीसदी जीएसटी की मांग की गई, जिसके बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

एलआईजी, आवास विकास कॉलोनी, सेक्टर-16 निवासी सत्यदेव ने बताया कि वह बेरोजगार थे और थोड़ा-बहुत ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग करते थे। एक सितंबर को उनके व्हाट्सएप पर अदिति जाटव के नाम से 100 फीसदी मुनाफे का दावा करने वाला संदेश आया। उन्हें दो अनजान नंबरों से संपर्क कर एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ने के लिए लिंक भेजा गया, जिससे आईआईएसएल नाम का एप डाउनलोड कराया गया।

शुरुआत में 11 हजार रुपये लगाने पर अगले दिन मुनाफा दिखाया गया। इसके बाद 3 सितंबर से 30 अक्तूबर तक अलग-अलग खातों में 18.50 लाख रुपये जमा कराए गए। यह भुगतान यूपीआई और आरटीजीएस के माध्यम से हुआ। जब उन्होंने रकम निकालने का प्रयास किया, तो 85 लाख रुपये लाभ बताकर और निवेश करने को कहा गया। मना करने पर 50 फीसदी जीएसटी जमा करने को कहा गया, तब उन्हें ठगी का शक हुआ। डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य सिंह ने बताया प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों के नंबर और खातों के आधार पर जांच की जा रही है।

इन बातों का रखें ध्यान

– 100 प्रतिशत या निश्चित मुनाफे के दावों पर भरोसा न करें।

– व्हाट्सएप पर मिले अनजान लिंक से ट्रेडिंग एप डाउनलोड न करें।

– निवेश से पहले कंपनी और ब्रोकर की सेबी से मान्यता जांचें।

– किसी अनजान व्यक्ति के बताए खाते में रकम न भेजें।

– मुनाफा निकालने के नाम पर जीएसटी या अतिरिक्त शुल्क मांगने पर सतर्क रहें।

– ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।



Source link