संवाद सूत्र, चरगांवा, (गोरखपुर)। ‘साहब, मेरे बेटे आरुष से मिला दीजिए, उसके बिना मैं नहीं रह पाऊंगी, गुरुवार सुबह चार बजे से मेरा बेटा मुझसे दूर है, पता नहीं उसे कहां छिपा दिया है, मेरा बेटा मुझे चाहिए।’ पांच वर्षीय आरुष शर्मा की मां रूबी शर्मा की ये बातें सुनकर मौजूद लोगों की आंखें नम हो जा रही हैं।

बेटे की सलामती की उम्मीद में मां कभी पुलिसकर्मियों के सामने हाथ जोड़ती है तो कभी फूट-फूटकर रोने लगती है। शुक्रवार को दोपहर से थाने और एसएसपी कार्यालय तक चक्कर लगाने के बाद भी उसे बेटे का कोई सुराग नहीं मिला।

पादरी बाजार स्थित किराये के मकान में रहने वाला आरुष पास के एक स्कूल में एलकेजी का छात्र था। पढ़ाई में होनहार और हंसमुख स्वभाव का आरुष मोहल्ले के लोगों का भी दुलारा था। उसकी हत्या की खबर से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं। मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

आरोप है कि आरुष के पिता देवनंदन भी दूसरी महिला के साथ देवरिया में रहते हैं। ऐसे में मां के लिए बेटे का इस तरह लापता होना और फिर हत्या की आशंका असहनीय हो गई है।

शुक्रवार शाम रूबी शाहपुर थाने पहुंची तो उसने पुलिस से एक और गुहार लगाई। रोते हुए बोली, ‘साहब, एक बार रितिक यादव से मिलवा दीजिए। मैं खुद उससे पूछूंगी कि मेरे बेटे से उसकी क्या दुश्मनी थी और उसने मेरे बेटे को कहां रखा है। मुझे बस मेरा बेटा चाहिए।’ मां की यह बेबसी पूरे घटनाक्रम की सबसे दर्दनाक तस्वीर बन गई है। जबकि पुलिस का कहना है कि शव की तलाश और मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

कार से ले जाते हुए दिखा है आरोपित
उधर, पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह चार बजे आरुष को किराये के कमरे से अगवा करने के बाद आरोपित रितिक यादव उसे अर्टिगा से ले गया था। पुलिस ने पादरी बाजार में लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली तो एक कैमरे में रितिक बच्चे को कार में बैठाकर ले जाता दिखाई दिया।

यह भी पढ़ें- ट्रेन से गिरकर कटा पंजा, 40 मिनट तक ट्रैक किनारे तड़पता रहा मजदूर; जीआरपी ने पहुंचाया अस्पताल

इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शुरुआत में वह पुलिस को लगातार चकमा देता रहा। रात में शाहपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने आरुष की हत्या कर शव बाघागाड़ा के पास राप्ती नदी में फेंकने की बात बताई।

पादरी बाजार से बाघागाड़ा तक खंगाले फुटेज
आरोपित के बयान के बाद शुक्रवार सुबह से पुलिस टीम पादरी बाजार से बाघागाड़ा तक जगह-जगह लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगालती रही। नदी में भी बच्चे की तलाश की गई, लेकिन देर शाम तक शव बरामद नहीं हो सका। पुलिस को अब भी आशंका है कि आरोपित कहीं गुमराह तो नहीं कर रहा है। शनिवार तक शव बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।



Source link