
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: सीतापुर में अवैध कॉलोनियां विकसित करने वालों पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बिना जरूरी अनुमति के जमीन पर प्लाटिंग कर सड़कें और निर्माण तैयार करना अब भारी पड़ रहा है। गुरुवार को प्रशासनिक टीम ने आनंदी देवी सरस्वती विद्या मंदिर के पीछे विकसित हो रही पुष्पा ग्रीन सिटी पर बुलडोजर चलवा दिया। करीब 15 बीघा में फैली इस कॉलोनी में बनाई गई अवैध सड़कें और अन्य निर्माण ध्वस्त करा दिए गए।
बिना लेआउट पास कराए विकसित हो रही थी कॉलोनी
मामला सीतापुर शहर के विनियमित क्षेत्र का है। यहां करीब 15 बीघा जमीन पर पुष्पा ग्रीन सिटी विकसित की जा रही थी। आरोप है कि कॉलोनी का लेआउट पास कराए बिना ही प्लाटिंग और निर्माण कराया जा रहा था। डीएम प्रथमेश कुमार के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट मीनाक्षी पांडेय के आदेश से प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई की।
बुलडोजर से ध्वस्त कराई गईं अवैध सड़कें और निर्माण
विनियमित क्षेत्र के जेई के नेतृत्व में टीम आनंदी देवी सरस्वती विद्या मंदिर के पीछे पहुंची। इसके बाद कॉलोनी में बनाई गई अवैध सड़कों और अन्य निर्माणों को बुलडोजर से गिरा दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया।
नोटिस के बाद भी नहीं मिला जवाब, प्रशासन ने की कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, पुष्पा ग्रीन सिटी के खिलाफ तत्कालीन डीएम डॉ. राजागणपति आर ने भी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। विनियमित क्षेत्र की ओर से नोटिस चस्पा कर संबंधित लोगों से जवाब मांगा गया था, लेकिन निर्धारित प्रक्रिया के बावजूद जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने और अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
