Suna Hai Kya: 'Behind-the-scenes stories unveiled', 'liquor that fosters camaraderie among bureaucrats'

– फोटो : अमर उजाला

विस्तार

यूपी में चल रही एक कथा ने प्रदेश के बदले सियासी हालात को बयां कर दिया है इसके साथ ही बाहुबलियों की अंदरूनी कहानियों से भी पर्दा उठा दिया है। वहीं, दो ज्ञानी नौकरशाह इन दिनों प्रेमरस में डूबे हुए हैं जिनके किस्से बड़े चर्चा में हैं। वहीं, एक आईपीएस के मजलिस का वीडियो वायरल होने से वो चर्चा में हैं। पढ़ें, ये किस्से: 


भक्त या दरबारी

सूबे में चल रही एक कथा ने तमाम बाहुबलियों की अंदरूनी कहानियों से भी पर्दा उठा दिया। मौका पूजा-पाठ का था, लेकिन वहां हुए शक्ति प्रदर्शन ने लोगों को तब चौंका दिया, जब कोडीन कांड से जुड़े एक बाहुबली अपने लाव लश्कर के साथ पहुंचे। जिस शख्स को वह कई साल से अपना रहनुमा नहीं मान रहे थे और जिसकी गाहे-बगाहे फजीहत करने का मौका नहीं चूकते थे, अचानक उसी के दरबारी बन गए। अब इसे सियासत से जोड़कर देखा जा रहा है कि जाने कब कौन काम आ जाए। वैसे भी बदले सियासी हालात में दोनों ने एक बड़े नेता से अदावत ठान ली है। किसी ने खूब कहा है कि दुश्मन का दुश्मन दोस्त होता है….

प्रेम बढ़ाता सोमरस

दो ज्ञानी नौकरशाह इन दिनों प्रेम रस में सराबोर हैं। इनमें से एक की अपनी पत्नी से नहीं बनती, तो दूसरे की अपने पति से। शायद इसी वजह से दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए हैं। वे अक्सर सरकारी दौरों के नाम पर दूसरे शहरों में जाते रहते हैं। दफ्तर में होते हैं तो सोमरस का पान कर शामें खुशनुमा बनाते हैं। अब यह बात किसी से छिपी नहीं है कि दोनों समझदारी के ऊंचे पायदान पर हैं।

मजलिस के मुरीद

गंगा किनारे वाले शहर में पहले एक कमिश्नर महोदय अपने सरकारी आवास पर मजलिस आयोजित करने को लेकर कोपभाजन बने थे। अब उसी राह पर कमिश्नरेट में तैनात एक आईपीएस भी हैं। उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह मजलिस में तकरीर करते नजर आ रहे हैं। उनकी तकरीर से वहां मौजूद लोग मुरीद होते दिख रहे हैं। हालांकि, वीडियो कुछ साल पुराना है, लेकिन इसने आईपीएस को फिर चर्चा में ला दिया है। वर्षों से इस पर बनी खामोशी अब खाकी में हलचल का सबब बनती जा रही है। तमाम अधिकारी इस वीडियो को साझा कर रहे हैं। चर्चा है कि आखिर इसे अब वायरल क्यों किया गया। वीडियो यूट्यूब पर भी अपलोड हो चुका है।

आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी या समाचार हो तो 8859108085 पर व्हाट्सएप करें।



Source link