मलवां। औद्योगिक क्षेत्र सौंरा की किसी फैक्टरी का कचरा नहर की पटरी पर खुलेआम जलाए जाने से आसपास के गांवों में प्रदूषण का खतरा बढ़ गया। करीब 15 दिन से यहां औद्योगिक कचरा एकत्र किया जा रहा था।
बृहस्पतिवार सुबह कचरे में आग लगा दी गई, जो शाम पांच बजे तक करीब 10 घंटे लगातार सुलगती रही। इससे उठे काले धुएं का गुबार दूर तक फैल गया। राहगीरों को सांस लेने में परेशानी हुई और आंखों में जलन का सामना करना पड़ा।
कचरा जलाए जाने वाले स्थान के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन भी गुजरी है। इसके करीब एक किलोमीटर के दायरे में अमौरा, बरौरा, चंदैनी और परशुरामपुर जैसी बड़ी ग्राम पंचायतें हैं। इन गांवों की करीब 10 से 15 हजार की आबादी पर जहरीले धुएं का असर पड़ने की आशंका है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कचरे में प्लास्टिक, केमिकल और अन्य औद्योगिक अपशिष्ट शामिल थे। आग की लपटों ने आसपास की झाड़ियों और घास को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद भी पुलिस और प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
वहीं किसानों का कहना है कि पराली जलाने पर किसानों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जाते हैं और जुर्माना लगाया जाता है। उन्हें प्रदूषण फैलाने का जिम्मेदार ठहराया जाता है, लेकिन औद्योगिक इकाइयों का कचरा खुलेआम जलाए जाने पर जिम्मेदार विभाग चुप्पी साधे रहते हैं।

फोटो-36-फतेहपुर: मलवां औद्योगिक क्षेत्र सौंरा की फैक्ट्री का जलता कचरा। संवाद

