आगरा के एकलव्य स्टेडियम के हॉस्टल से शुक्रवार की सुबह से लापता राष्ट्रीय टेबल टेनिस खिलाड़ी का शनिवार को भी सुराग नहीं मिला है। पिता को हॉस्टल की छत पर खून के निशान मिले। उनकी मांग पर फोरेंसिक टीम ने जांच कर सैंपल लिए। वहीं पुलिस का खोजी श्वान कमरे से छत और फिर पास ही नाले के पास झाड़ियों तक जाकर लौट आया। पिता ने अनहोनी की आशंका जताई है। स्टेडियम के अधिकारी और कर्मचारी समेत चार के खिलाफ तहरीर दी है। बेटे को जातिगत टिप्पणी कर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

शाहगंज के नगला छउआ निवासी वंश सिंह स्टेडियम के छात्रावास में रहकर टेबल टेनिस का प्रशिक्षण ले रहे थे। वह अंडर-17 वर्ग में कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं और कई पुरस्कार भी जीते हैं। उनका छोटा भाई ध्रुव भी राष्ट्रीय खिलाड़ी है। पिता शैलेश सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर को मंडलीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा का कॉल आया। उन्होंने बेटे वंश के विवाद करने की कहकर उसे हॉस्टल से ले जाने को कहा। उन्होंने खुद के फैक्टरी में ड्यूटी पर होने की जानकारी दी। 

 




national-level table tennis player vansh has gone missing from Eklavya Sports Stadium in agra

स्टेडियम में जांच करती पुलिस।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी


इसके बाद अपने दूसरे बेटे को स्टेडियम भेजा। दूसरा बेटा जब वंश को लेने हॉस्टल पहुंचा तो वहां वंश वार्डन के कार्यालय के बाहर मिला। उसके हाथ में मोबाइल, कंधे पर बैग और दूसरे हाथ में ब्रीफकेस था। भाई को ले जाने की पूछने पर मंडलीय क्रीड़ा अधिकारी ने लेटर नहीं तैयार होने की बात कहकर अगले दिन आने को कहा। अगले दिन सुबह 9 बजे वार्डन राजेश यादव का कॉल आया। उन्होंने बताया कि वंश कहीं मिल नहीं रहा है। इस पर पिता ने बेटे के स्कूल में कॉल कर जानकारी ली तो बेटा वहां भी नहीं था। वह स्टेडियम पहुंचे तो बेटे का मोबाइल वार्डन के पास था। उसका सारा सामान भी वहीं मिला।

 


national-level table tennis player vansh has gone missing from Eklavya Sports Stadium in agra

परिजन की पुलिस से हुई तकरार।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी


पिता शैलेश सिंह का आरोप है कि स्टेडियम के अधिकारी, कर्मचारी और दो अन्य कोच बेटे को जातिगत टिप्पणी करके प्रताड़ित करते थे। कई बार सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। शनिवार को जब वह हॉस्टल पहुंचे तो वहां छत पर और पास के पेड़ों के ऊपर उन्हें खून लगा दिखा। उन्होंने पुलिस से जांच की मांग की। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने जांच कर साक्ष्य जुटाए। खून का सैंपल लिया। वहीं खोजी श्वान वंश के कमरे से छत और फिर पास ही नाले के किनारे झाड़ियों तक जाकर लौट आया। पिता ने अनहोनी की आशंका जताते हुए नाले की सफाई करवाकर देखने की मांग की है।

 


national-level table tennis player vansh has gone missing from Eklavya Sports Stadium in agra

स्टेडियम से खिलाड़ी लापता।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी


पुलिस बोली- डीएम की इजाजत पर होगी सरकारी कर्मियों पर प्राथमिकी

शैलेश का कहना है कि उन्हें शक हो रहा है कि बेटे के साथ कोई अनहोनी तो नहीं हो गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस तहरीर में अधिकारी और सरकारी कर्मचारी का नाम हटाने का दबाव बना रही थी। अधिकारी का नाम देने पर जिलाधिकारी से अनुमति मिलने पर ही प्राथमिकी दर्ज होने की कहकर गुमराह कर रही थी। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों को जानबूझकर खराब किया गया है। हॉस्टल में महिला खिलाड़ी भी रहती हैं। उन्हें पूरा अंदेशा है कि बेटा हॉस्टल से बाहर नहीं गया है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि खिलाड़ी के परिचितों से बात की गई है। उनसे कुछ सुराग मिले हैं। इन पर पुलिस टीम कार्य कर रही है।

 


national-level table tennis player vansh has gone missing from Eklavya Sports Stadium in agra

जांच करती डाॅग स्क्वायड।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी


हॉस्टल पहुंचे वंश के परिजन, तकरार

वंश के लापता होने के बाद से पूरा परिवार परेशान है। पिता ने बताया कि दिनभर रिश्तेदार और परिचितों की भीड़ लगी है। सबको जवाब देते-देते परिवार के सदस्य परेशान हो गए हैं। शनिवार को वंश के परिवार की महिलाएं और बच्चे हॉस्टल पहुंच गए। कहा कि हमें वंश से मिला दो। वहां पुलिसकर्मियों से उनकी तकरार हो गई।

यह खेल का मैदान है, यहां कोई जाति नहीं होती है। सभी सिर्फ खिलाड़ी होते हैं। एक साथ खेलते और एक साथ खाते व रहते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। -संजय शर्मा, मंडलीय क्रीड़ा अधिकारी

ये भी पढ़ें-Agra Weather: उमस और गर्मी ने किया बेहाल, माैसम विभाग ने जारी किया बारिश का अलर्ट; जानें कब से मिलेगी राहत




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *