हमीरपुर में यमुना पुल की प्रस्तावित मरम्मत को लेकर ट्रक ऑपरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से कार्य की तिथि आगे बढ़ाने की मांग की है।
.
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंच कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए अनुरोध किया कि पुल पर मरम्मत का काम 26, 27 और 28 जून के बजाय 2 जुलाई के बाद कराया जाए।
ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि इस कदम से ट्रांसपोर्ट कारोबार और सरकारी राजस्व पर पड़ने वाले असर से बचा जा सकेगा। उन्होंने व्यापार में नुकसान और सरकारी राजस्व में कमी आने का हवाला दिया है।
यातायात प्रतिबंधित करने का अनुरोध
दरअसल, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने पुल की मरम्मत और जनसुरक्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी से तीन दिनों तक रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक यमुना पुल पर यातायात प्रतिबंधित करने का अनुरोध किया था।

इसके साथ ही कानपुर की ओर आने-जाने वाले वाहनों के लिए रूट डायवर्ट करने का प्रस्ताव भी दिया गया था। जिला प्रशासन ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
ट्रांसपोर्टरों ने पुल बंद होने की सूचना मिलते ही विरोध शुरू कर दिया। उनका तर्क है कि उनके अधिकांश ट्रक हमीरपुर से मौरम लेकर बाहर जाते हैं। 30 जून से बरसात के कारण हर साल की तरह तीन महीने के लिए मौरम खदानों का संचालन बंद हो जाएगा।
मरम्मत का कार्य 2 जुलाई से शुरू
ऐसे में खनन कार्य बंद होने के बाद पुल की मरम्मत कराना अधिक उचित रहेगा। ट्रांसपोर्टर रेवती रमण बाजपेयी, मनीष शुक्ला, इन्द्रपाल सिंह और महेश शर्मा ने जोर देकर कहा कि यदि 26, 27 और 28 जून को पुल पर यातायात रोका जाता है तो ट्रांसपोर्ट व्यवसाय प्रभावित होगा और सरकार को मिलने वाले राजस्व में भी कमी आएगी। इसलिए पुल की मरम्मत का कार्य 2 जुलाई से शुरू कराया जाना चाहिए।
