हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), 23 नवंबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से जुड़ी महिलाओं का एकीकृत ऑनलाइन डेटाबेस तैयार किया जाएगा ताकि इन समूहों के कामकाज को व्यवस्थित किया जा सके और उनके उत्पादों को बाजार में बेचने के बेहतर अवसर मिल सकें। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) ने जिले के सभी छह विकास खंडों के खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को समूह स्तर के संगठनों के कामकाज की हर महीने निगरानी करने का निर्देश दिया है।
डीआरडीए हमीरपुर की उपनिदेशक एवं परियोजना अधिकारी अस्मिता ठाकुर ने बताया कि इस पहल के तहत स्वयं सहायता समूहों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी और नए सदस्यों का ऑनलाइन पंजीकरण किया जाएगा एवं उन्हें पहचान पत्र जारी किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन रिकॉर्ड उपलब्ध होने से इन समूहों से जुड़ी महिलाओं को जिले के भीतर और बाहर आयोजित मेलों तथा प्रदर्शनियों में हिस्सा लेने में आसानी होगी।
फिलहाल जिले में 17 समूह स्तर के संगठनों के तहत 2,738 स्वयं सहायता समूह काम कर रहे हैं। इन समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाएं विभिन्न प्रकार के स्वदेशी उत्पाद बनाती हैं।
हालांकि, समूहों और उनके सदस्यों का एकीकृत ऑनलाइन रिकॉर्ड नहीं होने के कारण महिलाओं को अक्सर मेलों और प्रदर्शनियों में हिस्सा लेने में परेशानी होती है।
नयी व्यवस्था के तहत प्रत्येक समूह में सदस्यों की संख्या, महिलाओं की भागीदारी और उनके द्वारा किए जाने वाले कार्यों का विवरण ऑनलाइन उपलब्ध होगा।
अधिकारियों ने बताया कि हर महीने निगरानी किए जाने से समूह स्तर के संगठनों के कामकाज का आकलन करने में भी मदद मिलेगी।
भाषा सिम्मी नरेश
नरेश
