सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव नावली लालपुर में स्थित संविलियन विद्यालय की कथित दुर्दशा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोपी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में खंड शिक्षा अधिकारी ने नामजद युवक के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
खंड शिक्षा अधिकारी विजय चौहान ने कहा था कि गांव नावली लालपुर में स्थित संविलियन विद्यालय का कुछ हिस्सा मथुरा-बरेली मार्ग के निर्माण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम ने तोड़ दिया था। आरोपी कुलदीप ने स्कूल के उस खराब हिस्से का वीडियो बनाया, जो पहले से ही उपयोग में नहीं था। वीडियो के माध्यम से भ्रामक तथ्यों को प्रस्तुत कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, जिससे विभाग की छवि धूमिल हुई। कोतवाल शिवकुमार शर्मा ने बताया कि नामजद आरोपी कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गौरतलब है कि इन-दिनों सरकारी स्कूलों की बदहाली के मुद्दे पर चल रही सियासी हलचल को देखते हुए जिला प्रशासन ने इस वीडियो को गंभीरता से लिया था और खंड शिक्षा अधिकारी को प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए थे।
