जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। बंदरों की बढ़ती समस्या से आहत बुलंदशहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। शहर और देहात में दस विभाग मिलकर बंदरों को पकड़ेंगे। इसके लिए बुधवार को कलक्ट्रेट में आयोजित बैठक में अधिकारियों ने योजना बनाई। शहरी क्षेत्र में बंदर पकड़ने का काम नगरपालिका व नगरपंचायत और देहात क्षेत्र में ग्राम्य विकास विभाग करेगा।

बंदरों को पकड़कर संरक्षित स्थान छोड़ने के लिए पिछले माह नौ अक्टूबर को विशेष सचिव नीरज सक्सेना ने निर्देश जारी किए। इसके अनुपालन में सामाजिक वानिकी प्रभाग के प्रभागीय निदेशक ने कलक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक आयोजित कराई। जिलाधिकारी कुमार हर्ष की अध्यक्षता में बंदरों की समस्या और निजात पर चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने बंदरों को पकड़ने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। बंदरों को पकड़ने के लिए नगरीय क्षेत्र में पालिका व नगर पंचायत लीड करेंगे, जबकि ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम्य विकास विभाग व पंचायती राज विभाग काम करेंगे। नगरीय क्षेत्रों में एक साथ निकाय अधिकारी अभियान चलाएंगे।

देहात क्षेत्र में उन गांवों में सबसे पहले अभियान चलेगा जहां पर बंदरों की समस्या बहुत ज्यादा है। बजट मिलने पर इस अभियान को वृहद किया जाएगा और सभी गांवों में टीम पहुंचेगी। शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइन पर काम होगा। जिला प्रशासन के सक्रिय सहयोग से जिला स्तर पर अंतर्विभागीय समितियां गठित कर बंदरों का प्रबंध किया जाना है।

अभियान के दौरान पकड़े गए बंदरों को अहार, नरौरा, डिबाई और अनूपशहर के वन विभाग के आरक्षित जंगल में छोड़ा जाएगा। जिलेभर में अभियान चलाने के लिए एक कमेटी बनाई जाएगी। बैठक में सीडीओ निशा ग्रेवाल, एडीएम प्रशासन नीतीश सिंह, पुलिस विभाग, बीकेडीए, स्वास्थ्य विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, जिला पर्यटन विभाग, रेल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।



Source link

अभी अभी की खबरें