Prayagraj News: पंचायतों में पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व और आरक्षण की संवैधानिक व्यवस्था को लेकर उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग ने शनिवार को पंचायत प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। सर्किट हाउस सभागार में हुई बैठक में आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति राम औतार सिंह और सदस्य बृजेश कुमार, संतोष कुमार विश्वकर्मा एवं एसपी सिंह ने जनपद में पिछड़ा वर्ग की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्थिति के साथ पंचायतों में उनकी भागीदारी पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह, क्षेत्र पंचायत प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान प्रशासक और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने हिस्सा लिया।
आयोग ने सभी प्रतिनिधियों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया। प्रतिनिधियों ने पंचायतों में पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व, आरक्षण की प्रक्रिया और स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं से जुड़े अपने विचार रखे। कई प्रतिनिधियों ने मौखिक पक्ष रखने के साथ ही लिखित सुझाव और अभिमत भी आयोग को सौंपे। आयोग ने जनपद की भौगोलिक परिस्थितियों, विभिन्न विकास खंडों की संरचना और ग्रामीण क्षेत्रों की सामाजिक एवं जनसांख्यिकीय विविधता को भी चर्चा में शामिल किया। पंचायतों में पिछड़ा वर्ग की भागीदारी और आरक्षण के संवैधानिक प्रावधानों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप लागू करने से जुड़े पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों ने प्रतिनिधियों की बातों, अनुभवों और सुझावों को सुनकर संबंधित अभिलेख संकलित किए। इनका अध्ययन कर आगे की प्रक्रिया में उपयोग किया जाएगा। आयोग के भ्रमण का उद्देश्य जनपद की जमीनी परिस्थितियों को समझना और पंचायतों में पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व से जुड़े तथ्य एवं सुझाव जुटाना है। बैठक में सीडीओ हर्षिका सिंह और डीपीआरओ रविशंकर द्विवेदी मौजूद रहे।
