फतेहाबाद। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव छबिस्वा में मंगलवार सुबह विद्युत ट्रांसफाॅर्मर से तार हटाने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई जमकर मारपीट और लाठी-डंडे चलने से 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
गांव निवासी ओमवीर सिंह के घर के पास ही ट्रांसफाॅर्मर लगा हुआ है। आरोप है कि सुबह करीब 8 बजे राघवेंद्र पक्ष के लोग वहां पहुंचे और ओमवीर पर अपनी बिजली की केबल हटाने का आरोप लगाने लगे। ओमवीर के जानकारी न होने की बात कहने पर विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष लाठी-डंडों के साथ आमने-सामने आ गए। मारपीट में प्रथम पक्ष के सोनू, रवि, ओमवीर, रामनरेश और प्रहलाद और दूसरे पक्ष के राघवेंद्र, अजीत, वीरी सिंह, भारत सिंह और नेत्रपाल घायल हो गए। प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद ने बताया कि घायलों का मेडिकल कराया गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
