मिर्जापुर में 12 साल के बच्चे का अपहरण कर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने 30 लाख रुपए फिरौती के लिए बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी थी। वह उसे 9 नवंबर की शाम बाइक से घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया था।
.
मामला विंध्याचल थानाक्षेत्र के सेमरी गांव का है। बच्चे की पहचान सेमरी गांव के 12 साल के प्रिंस बिंद के रूप में हुई है। पुलिस ने बुधवार तड़के आरोपी के दोनों पैरों में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर कुशियरा जंगल से बच्चे का शव भी बरामद कर लिया गया है।
गांव के लोगों ने बच्चे की हत्या के विरोध में सड़क जाम कर दिया। इनका कहना था कि पुलिस की लापरवाही में बच्चे की जान गई। पुलिस समय से कार्रवाई की होती तो बच्चे की जान बच जाती।

सड़क जाम कर ग्रामीणों ने चौकी इंचार्ज के खिलाफ नारे लगाए।
पढ़िए पूरा मामला…
सेमरी गांव निवासी केशव बिंद पुत्र रामदास बिंद की महाशक्ति इंटर कॉलेज के पास मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर चाय-पान की दुकान है। दुकान पर परसिया कामापुर का पिंटू उर्फ शैलेंद्र आता जाता था।
दुकान पर आते-जाते उसने परिवार से पहचान बढ़ा ली थी। सोमवार 9 नवंबर की शाम करीब 4 बजे केशव बिंद का 12 साल का इकलौता बेटा प्रिंस दुकान पर था। वह बिहसड़ा कला गांव स्थित आईएसएस पब्लिक स्कूल में कक्षा छह का छात्र था।
इस दौरान पिंटू उनकी दुकान पर आया। उसे बच्चे को फुसलाया। उसे बाइक पर घुमाने साथ लेकर गया। जब काफी देर तक प्रिंस घर नहीं लौटा तो परिजन को चिंता हुई।
वे बच्चे को खोज ही रहे थे कि सोमवार रात करीब 10 बजे युवक का बच्चे के पिता के मोबाइल पर कॉल आया।
कॉल पर युवक ने बच्चे का अपहरण करने और उसे वापस लौटाने के एवज में 30 लाख रुपए की डिमांड की। फिरौती की डिमांड सुनकर परिवार के लोग परेशान हो गए।

किशोर की हत्या के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम किया।
एसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 3 टीमें लगाई
मंगलवार को पिता थाने पहुंचे। उन्होंने पूरी बात बताते हुए नामजद तहरीर दी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने सर्विलांस और कॉल डिटेल्स, मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपी पिंटू उर्फ शैलेंद्र की संलिप्तता का पता लगाया।
एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बच्चे की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कीं। तीनों टीमों ने कई जगह छापेमारी की।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस को बुधवार तड़के सूचना मिली कि आरोपी लालगंज की तरफ से आ रहा है। इसके बाद विंध्याचल थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह के नेतृत्व में गैपुरा और अष्टभुजा चौकी की टीम ने गैपुरा-विजयपुर से लालगंज जाने वाले मार्ग पर चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान लालगंज की तरफ से बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह बाइक कुशियरा जंगल की ओर मोड़कर कुछ दूर आगे छोड़कर जंगल में भाग गया।
जंगल में उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

हत्या के बाद जंगल में छिपाया शव
पुलिस पूछताछ में आरोपी पिंटू ने बताया कि बच्चे को अपने साथ ले जाने के करीब ढाई घंटे बाद शाम 6:30 बजे कुशियरा जंगल में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव जंगल में छिपा दिया।
पुलिस के अनुसार, उसने पैसों के लालच में बच्चे का अपहरण किया था। उसने बताया कि बच्चे के पिता ने 60 लाख रुपए में अपनी जमीन बेची थी। उसे इसका पता चल गया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बच्चे का शव बरामद कर लिया।
हत्या और लूट समेत 17 मुकदमे दर्ज
आरोपी पिंटू उर्फ शैलेंद्र का आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ मिर्जापुर और रायबरेली के विभिन्न थानों में चोरी, हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं।
इनमें विंध्याचल थाने में 2014 का हत्या, साक्ष्य छिपाने और आपराधिक साजिश का मुकदमा तथा प्रयागराज के हंडिया थाने में 2020 का हत्या, अपहरण और साक्ष्य मिटाने से संबंधित मुकदमा भी शामिल है।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप, ग्रामीणों ने लगाया जाम
बुधवार सुबह बच्चे का शव मिलने की सूचना पर परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने सेमरी गांव के सामने मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर जाम लगा दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के चलते बच्चे की जान नहीं बचाई जा सकी। उनका कहना है कि करीब 36 घंटे तक तलाश के बावजूद पुलिस प्रिंस का पता नहीं लगा सकी। आक्रोशित परिजन एसपी को मौके पर बुलाने और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग पर अड़े रहे।
———————————
ये खबर भी पढ़ें…
अफसरों को मत धमकाओ’ शिवपाल को क्यों कहना पड़ा:अखिलेश ‘बड़बोले’ नेताओं को बाहर करेंगे; सख्ती के पीछे वजह क्या?

अगर कोई कार्यकर्ता लोगों को ये धमकी देता है कि ‘सरकार आने पर देख लेंगे’, तो जिलाध्यक्ष उसे तुरंत पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाएं। – शिवपाल यादव, सैफई, 8 नवंबर
सख्त नसीहत सपा के राष्ट्रीय महासचिव ने दी। एक महीने पहले अखिलेश यादव ने आक्रामक बयानों से बचने की चेतावनी दी थी। 2027 के विधानसभा चुनाव से तीन महीने पहले सपा को लग रहा है कि भाजपा जानबूझकर भड़काऊ बयानबाजी करवाकर उन्हें घेर सकती है। पार्टी को बदनाम कर सकती है। पढ़िए पूरी खबर…
