Prayagraj: यूपी के प्रयागराज में उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (एनसीजेडसीसी) के परिसर में एक दिसंबर से राष्ट्रीय शिल्प मेले का आयोजन होगा. इस मेले में देश के अलग-अलग राज्यों के शिल्पकार और कलाकार अपनी कला, संस्कृति और पारंपरिक उत्पादों के साथ शामिल होंगे. मेले में करीब 28 राज्यों के 600 शिल्पकारों और कलाकारों के पहुंचने की संभावना है. इसके साथ ही करीब 160 स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां देश के अलग-अलग हिस्सों की हस्तशिल्प वस्तुएं और खानपान उपलब्ध रहेगा. यह मेला 14 दिसंबर तक चलेगा. मेले का उद्देश्य स्थानीय शिल्प और पारंपरिक कला को बढ़ावा देना है.
इसके जरिए ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को आगे बढ़ाने के साथ देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. एनसीजेडसीसी के उपनिदेशक डॉ. मुकेश उपाध्याय ने लोकल 18 से बताया कि मेले में देश के अलग-अलग हिस्सों से शिल्पकार और व्यंजनकार शामिल होंगे. ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी इस मेले के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा. मेले में राजस्थान की ज्वेलरी, लखनऊ की चिकनकारी, भागलपुर की चादर, कश्मीर की रजाई और ड्राई फ्रूट्स लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे. इसके अलावा अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक कपड़े, सजावटी सामान, हस्तशिल्प और घरेलू उपयोग की वस्तुएं भी खरीदी जा सकेंगी.
देश के विभिन्न क्षेत्रों की कला और शिल्प देखने का मिलेगा मौका
इस बार मेले में आने वाले लोगों को एक ही जगह पर देश के विभिन्न क्षेत्रों की कला और शिल्प देखने का मौका मिलेगा. मेले में उत्तर-पूर्व के राज्यों की लोक प्रस्तुतियों को भी विशेष स्थान दिया गया है. कश्मीर और हिमाचल की पारंपरिक प्रस्तुतियों के साथ पंजाब का गिद्दा, भांगड़ा और मार्शल आर्ट भी दर्शकों को देखने को मिलेगा. आयोजकों का कहना है कि इस बार उन लोक कलाओं को भी मंच देने का प्रयास किया गया है, जिन्हें देश के दूसरे हिस्सों में कम देखने का मौका मिलता है. मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम रोजाना शाम 4:30 बजे से शुरू होंगे.
विज्ञापन
देश के प्रसिद्ध कलाकार देंगे प्रस्तुतियां
इनमें देश के प्रसिद्ध कलाकार और लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे. पद्मश्री मालिनी अवस्थी, पद्मश्री महावीर गुड्डू और अनवर खान सहित कई नामी कलाकारों के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं. सांस्कृतिक कार्यक्रम रात करीब 9:30 से 10 बजे तक चलेंगे. मेले में आने वाले दर्शकों के लिए प्रवेश शुल्क 30 रुपये रखा गया है. इससे पहले आयोजित दिवाली शिल्प मेले में भी 30 रुपये प्रवेश शुल्क लिया गया था. शिल्पकारों और कलाकारों के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा. मेले का समय सुबह 11 बजे से रात 9:30 बजे तक निर्धारित किया गया है.
लोक संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी ले सकेंगे आनंद
शिल्पकारों के ठहरने और खानपान की व्यवस्था भी एनसीजेडसीसी की ओर से की जाएगी. परिसर में उनके ठहरने के साथ ही स्टॉल लगाने के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाएगा. मेले में आने वाले लोगों के लिए पार्किंग समेत अन्य व्यवस्थाएं भी की जाएंगी. आयोजकों के मुताबिक, राष्ट्रीय शिल्प मेले के जरिए प्रयागराज के लोगों को देश के अलग-अलग राज्यों की कला, संस्कृति और पारंपरिक उत्पादों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा. मेले में खरीदारी के साथ लोग लोक संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आनंद ले सकेंगे. एक दिसंबर से शुरू होने वाले इस आयोजन को लेकर एनसीजेडसीसी परिसर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं.
