संवाद न्यूज एजेंसी

झांसी। ई-चालान भरने में लेटलतीफी अब भारी पड़ने वाली है। झांसी जनपद में 21,900 से अधिक वाहन स्वामियों के चालान दो साल से लंबित हैं। इनके द्वारा जुर्माना जमा नहीं किया जा रहा है। इसके पीछे की वजह अधिकतर के मोबाइल नंबर गलत या फिर सही न होना बताया गया है। परिवहन विभाग अब इन्हें चैटबॉट के जरिए मोबाइल नंबर अपडेट करने का मैसेज भेज रहा है। यदि वह ऐसा नहीं कराते हैं तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

परिवहन विभाग ने वाहनों से संबंधित सभी सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया है। नए वाहनों के पंजीयन व ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के दौरान आधार आधारित प्रमाणीकरण किया जा रहा है लेकिन पुराने वाहनों के पंजीकरण और ड्राइविंग लाइसेंस के स्वामियों का मोबाइल नंबर विभाग की सूची में अपडेट नहीं है। परिवहन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक वाहन स्वामी ने या तो किसी और का मोबाइल नंबर इसमें दर्ज कराया है या फिर नंबर बदल लिया है। इसके चलते कार्रवाई अथवा सेवाओं से संबंधित मैसेज उनके मोबाइल नंबर पर नहीं पहुंच रहा है। ई-चालान में सबसे ज्यादा समस्या आ रही है।

दो सालों के आंकड़ों पर गौर करें तो ई-चालानों की संख्या 21,900 पहुंच गई है। इन पर जुर्माना भी एक करोड़ से अधिक है लेकिन वाहन स्वामी अपना यह जुर्माना अदा नहीं कर रहे हैं। परिवहन अफसरों के मुताबिक, वह चेकिंग के दौरान ई-चालान कर रहे हैं लेकिन मोबाइल नंबर गलत होने के चलते मैसेज नहीं पहुंच रहे हैं। चालानों की संख्या भी कइयों पर 4 या 5 से अधिक हो गई है। ऐसी स्थिति में अब उनका पंजीयन निलंबित किया जा सकता है। हालांकि, वाहन स्वामियों को चैटबॉट के जरिए मैसेज कर मोबाइल नंबर अपडेट किए जाने को कहा जा रहा है।

ऐसे कर सकते हैं मोबाइल नंबर अपडेट

परिवहन विभाग की अधिकारिक वेबसाइट parivahan.gov.in पर जाकर मोबाइल नंबर को अपडेट किया जा सकता है। सबसे पहले वाहन संबंधित सेवाओं को सिलेक्ट करना होगा। इसके बाद राज्य और फिर जिला चुनना होगा। फिर मोबाइल नंबर अपडेट कॉलम में जाकर आधार प्रमाणीकरण के विकल्प चुनना होगा। इसके बाद वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और चेसिस नंबर दर्ज करना होगा। फिर आधार नंबर और ओटीपी दर्ज करके नया मोबाइल नंबर अपडेट किया जा सकेगा।

…………

वाहन स्वामियों के मोबाइल नंबर अपडेट न होने के चलते सेवाओं या कार्रवाई से संबंधित मैसेज उन तक नहीं पहुंच रहा है। इससे विभाग को तो नुकसान है ही, साथ ही उन पर भी कार्रवाई की जा सकती है। ऐसे में चैटबॉट के जरिए मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए मैसेज किया जा रहा है। – हेमचंद्र गौतम, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, झांसी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *