
कलेक्ट्रेट के तथागत हॉल में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के दौरान मौजूद जोड़े व उनके परिवार
श्रावस्ती। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मंगलवार को कलेक्ट्रेट के तथागत सभागार में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान विधि विधान से 78 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। जिसमें मौजूद जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने नव दंपती को उपहार भेंट कर उनके सफल वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रकाश त्रिपाठी व डीएम अजय कुमार द्विवेदी व एसपी घनश्याम चौरसिया ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस दौरान 78 जोड़े ने अग्नि व अल्लाह व डॉ. भीमराव अंबेडकर को साक्षी मानकर एक दूसरे के साथ रहने का वचन लिया। इसमें इकौना के 28 जोड़े, गिलौला के 27 जोड़े, हरिहरपुररानी के पांच जोड़े, जमुनहा के दो, सिरसिया के 16 व नगर पंचायत इकौना के एक युगल शामिल रहे।
इस मौके पर नव दंपत्ति को 35 हजार रुपये खाते में व 10 हजार रुपये का उपहार प्रदान किया गया। साथ ही मौजूद जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने नवदंपती को भेंट दी। इस दौरान एडीएम अमरेन्द्र कुमार वर्मा, ईओ भिनगा डॉ. अनीता शुक्ला, जिला समाज कल्याण अधिकारी डाॅ. अमरनाथ यति, सीएमओ डाॅ. एपी सिंह, डीडीओ रामसमुझ सहित वर-वधुओं के परिवारीजन मौजूद रहे।
