मुहम्मदाबाद। डकोर कोतवाली क्षेत्र स्थित बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के करीब 3:30 बजे चित्रकूट दर्शन कर राजस्थान लौट रही एक मिनी बस वाहन से टकरा गई। ओवरटेक के दौरान चालक को नींद की झपकी आने से बस आगे चल रहे वाहन से टकरा गया। हादसे में आठ यात्री घायल हो गए। सभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
राजस्थान से एक मिनी बस में करीब बच्चों समेत कुल 18 यात्री चित्रकूट दर्शन करने आए थे। सभी राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के थाना बास दयाल क्षेत्र के निवासी हैं। बस चित्रकूट से वापस राजस्थान जा रही थी। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के फूलपुरा के पास एक वाहन को बस चालक कमल सिंह राजपूत (45) निवासी लक्ष्मणगढ़, जिला अलवर ओवरटेक करने लगा। यात्रियों ने बताया कि उसी दौरान उसे झपकी आ गई। जिससे यह हादसा हो गया। दुर्घटना में उसके हाथ में चोटें आई हैं। राजस्थान निवासी पप्पू राम गुप्ता (55), कुसुम देवी (50), नीमा देवी (35), रेखा गुप्ता (36), किशन लाल सोनी (55), जयद्रा (52) घायल हो गए। सूचना पर पहुंची डकोर थाना पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज उरई भिजवाया। डॉक्टरों के अनुसार किसी भी घायल की हालत गंभीर नहीं है और सभी का उपचार जारी है।
पुलिस ने दूसरे वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाल देवेंद्र सिंह ने बताया कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके।
