किरावली। तहसील दिवस में अधिकारियों की अनुपस्थिति और लापरवाही पर किसान नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल से मुलाकात की। किसान नेता चौधरी दिलीप सिंह की अगुवाई में पहुंचे दल ने शिकायत की कि किरावली तहसील दिवस में सक्षम अधिकारी स्वयं आने के बजाय अपने विभाग के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भेज देते हैं, जिससे फरियादियों को न्याय नहीं मिल पा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को बताया कि अधिकारी न केवल गायब रहते हैं, बल्कि झूठी जांच आख्या (रिपोर्ट) लगाकर उच्चाधिकारियों और पीड़ितों को गुमराह भी कर रहे हैं। इसी आक्रोश में किसानों को बीते 19 अप्रैल को संपूर्ण समाधान दिवस में धरना देना पड़ा था। डीएम मनीष बंसल ने कहा कि मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति नहीं होगी और लापरवाही बरतने वाले अफसरों की जवाबदेही तय की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में चौधरी दिलीप सिंह, दाताराम लोधी, भूपेंद्र इंदौलिया, सत्यवीर चाहर, मुकेश सविता, बाबूलाल बाल्मीकि, भगवान सिंह बघेल, राजकिशोर लोधी, अर्जुन बघेल, केशव सिंह और पवन कुशवाह मौजूद रहे।
