आगरा के सेंट जोंस कॉलेज चौराहे और बोदला-सिकंदरा रोड पर कारगिल अस्पताल के सामने यूनीपोल गिरने के मामले में डीएम ने नगर आयुक्त से रिपोर्ट तलब की है। अमर उजाला ने बोदला-सिकंदरा रोड सहित शहर में लगे यूनीपोल के जर्जर होने और बोल्ट गल जाने की खबर 25 जून के अंक में प्रकाशित की थी। नगर निगम ने विज्ञापन एजेंसियों से सभी यूनीपोल का स्ट्रक्चर मजबूती प्रमाणपत्र सात दिनों में मांगा है। दोनों यूनीपोल गिरने पर संबंधित एजेंसियों के इंजीनियरों और एजेंसियों से स्पष्टीकरण तलब किया है।
एमजी रोड, फतेहाबाद रोड, वीआईपी रोड, यमुना किनारा, बोदला-सिकंदरा रोड समेत सड़कों पर लगे 1200 से ज्यादा यूनीपोल, होर्डिंग, रूफटॉप होर्डिंग में आधे से ज्यादा का स्ट्रक्चर कमजोर हैं। अमर उजाला के खुलासे के बाद नगर निगम ने सभी विज्ञापन स्ट्रक्चरों की जांच शुरू की है। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाली एजेंसियों को सात दिन का अल्टीमेटम दिया गया है।
खामियां दूर न करने वाली एजेंसियों के अनुबंध निरस्त करने के साथ स्ट्रक्चर जब्त किए जाएंगे। पेंसिल पोल, एलईडी यूनीपोल, एलईडी स्क्रीन, रूफटॉप और क्योस्क सहित अन्य विज्ञापन स्ट्रक्चरों का निरीक्षण कर उनकी तकनीकी स्थिति और सुरक्षा मानकों का नगर निगम की टीम खुद परीक्षण कर रही है। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि सभी विज्ञापन एजेंसियों को सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा। लापरवाही पर अनुबंध निरस्त कर दिया जाएगा।
