आगरा के थाना सदर क्षेत्र के शहजादी मंडी में ऑस्ट्रेलिया गए व्यक्ति के बंद मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। ताले तोड़कर अलमारी से लाखों के गहने और नकदी चोरी कर ली। पड़ोसी चचेरे भाई की तहरीर पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की तलाश कर रही है।
शहजादी मंडी निवासी प्राणीश मेहरा ने पुलिस को बताया कि 25 जनवरी की सुबह 8 बजे उनकी पत्नी ने देखा कि पड़ोस में रहने वाले उनके ताऊ के बेटे राजीव मेहरा के घर के दरवाजे ऊपर की ओर से खुले पड़े हैं। राजीव मेहरा 19 जनवरी को बच्चों से मिलने ऑस्ट्रेलिया गए हुए हैं। उन्होंने तुरंत राजीव मेहरा को वीडियो कॉल कर घटना की जानकारी दी और उनके कहने पर घर खोलकर ऊपर जाकर देखा।
घर के अंदर प्रवेश करने पर दरवाजों के ताले टूटे मिले और कमरों में पलंग खुले हुए तथा सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। दोनों कमरों में रखी अलमारियां और लॉकर खुले पड़े थे। इस पूरी स्थिति को वीडियो कॉल के माध्यम से राजीव मेहरा को दिखाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए राजीव मेहरा ने तत्काल बाहर निकलने को कहा और पुलिस को सूचना देने की बात कही। लगभग आधे घंटे बाद टूटे हुए तालों का वीडियो बनाकर उन्हें भेजा, जिसके बाद राजीव के कहने पर प्राथमिकी दर्ज करने को प्रार्थना पत्र दिया। उन्होंने लाखों की चोरी की आशंका जताई है।
इंस्पेक्टर सदर ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग देख चोरों की तलाश की जा रही है।
