माधौगढ़। हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी के कारण खेत में भीषण आग लग गई, जिससे किसान की पांच बीघा में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आक्रोशित किसानों ने माधौगढ़-बंगरा मार्ग पर रूरा गांव के पास जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक चले जाम के बाद प्रशासन के आश्वासन पर मामला शांत हुआ।

जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के रूरा गांव निवासी किसान उदयभान सिंह तोमर के खेत में शुक्रवार दोपहर हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी गिर गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब पांच बीघा गेहूं की खड़ी फसल को चपेट में ले लिया।

आग बुझाने के प्रयास में किसान उदयभान सिंह तोमर झुलस गए। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक फसल पूरी तरह जल चुकी थी। घटना से नाराज किसानों ने बिजली निगम की कार्यप्रणाली पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए माधौगढ़-बंगरा मार्ग पर जाम लगा दिया और नारेबाजी शुरू कर दी।

जाम की सूचना मिलते ही तहसीलदार गौरव कुमार, रेढ़र थाना प्रभारी अभिनेंद्र कुमार और लेखपाल विकास मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को समझाने का प्रयास किया और नुकसान का आकलन कर शीघ्र मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।

आश्वासन के बाद किसानों ने जाम समाप्त कर दिया। जाम करीब दो घंटे तक लगा रहा, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *