फतेहाबाद। दीपावली के नजदीक आते ही जिलेभर के बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मिठाई, मिट्टी के दीये, झालरों और पूजन सामग्री से बाजार गुलजार हो चुके हैं। बाजारों में भारी भीड़ उमड़ने की वजह से फतेहाबाद में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। मुख्य बाजार में चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद कर दी गई है। जाम से निपटने के लिए बाजारों में पुलिस बल तैनात किया गया है।
फतेहाबाद थाने में बृहस्पतिवार को हुई शांति समिति की बैठक में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने व्यापारियों और आम लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने बताया कस्बे में वन-वे व्यवस्था लागू की गई है। मुख्य बाजार से चार पहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। दुकानों के सामने अनाधिकृत रूप से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बिना नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों को सीज किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों को टप्पेबाजों से सावधान रहने की सलाह दी। कहा कि जिन व्यापारियों को अधिक धनराशि का आवागमन करना है, उन्हें पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। त्योहार के दौरान जाम से निपटने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। कस्बे के प्रमुख चौराहों पर पुलिस पिकेट लगाई जाएगी। सराफा बाजार और कसेरट बाजार में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि प्रकाश शल्या, बिज्जी शर्मा, लल्लूराम गुर्जर, बंटी प्रधान, अंगद सिंह वर्मा, अंकित गुप्ता, आलोक बछरवार आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
डाैकी में डीसीपी पूर्वी ने की पैदल गश्त
डाैकी
कस्बे में बृहस्पतिवार शाम डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने पैदल गश्त कर सराफा कारोबारियों सहित संभ्रांत लोगों से की बातचीत कर सुरक्षा के टिप्स दिए। सीसीटीवी कैमरे चालू रखने को कहा। इस दाैरान थानाध्यक्ष सुनीत शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार आदि उपस्थित थे।
दीयों और रंग-बिरंगी झालरों से सजे बाजार
खेरागढ़/सैंया/इरादतनगर। खेरागढ़ में खील, बताशों और मिट्टी के लक्ष्मी गणेश, दीयों की खूब बिक्री हो रही है। धनतेरस को लेकर झाड़ू की खरीदारी भी तेज हो गई है। बाजारों में बढ़ी चहल-पहल से दुकानदारों के चेहरे खिले हुए हैं। सैंया और इरादतनगर के बाजारों में सुबह से देर शाम तक खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। दुकानों पर रंग-बिरंगी झालरें, आकर्षक सजावटी सामान, मिट्टी के दीपक, मोमबत्तियां, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और मिठाइयों की दुकानें लोगों को आकर्षित कर रही हैं। स्थानीय दुकानदार शाहिल गुप्ता और मोहित बंसल ने बताया कि इस बार दीपावली पर बाजार में रौनक है। दुकानदारों को दीपावली त्यौहार पर बहुत उम्मीदें होती है।

