आगरा। मोती कटरा क्षेत्र में 15 दिन से पानी के लिए परेशान लोगों को रविवार तक राहत मिल जाने की उम्मीद है। बुधवार को खिड़की काले खां से मोती कटरा तक 150 मीटर पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया गया।

जलकल विभाग की ओर से शुक्रवार शाम तक पानी की दोनों पाइपलाइन बिछा लेने की उम्मीद जताई है। टेस्टिंग के बाद रविवार से जलापूर्ति करने का दावा किया गया है। अधिशासी अभियंता प्रेम चंद्र आर्य ने बताया कि मोती कटरा में 4 अगस्त को तीन जगह पानी की पाइपलाइन टूट जाने से गड्ढे हो गए थे। पाइप जर्जर होने से तीन जगह सड़कें भी धंसीं। इसलिए पूरी 150 मीटर लंबी नई पाइपलाइन बिछाने का निर्णय लिया गया है।

यहां पानी की 10 इंच की सीआई पाइप और 4 इंच की डीआई पाइपलाइन बिछी हुई है। बारिश आई तो संभवत: कुछ समय और लग सकता है लेकिन रविवार तक आपूर्ति शुरू कर देने का लक्ष्य है।

यमुनापार में पानी की किल्लत

यमुनापार के शाहदरा, महावीर नगर, मंडी समिति के आसपास की कॉलोनियों और जैन गली, ट्रांसयमुना कॉलोनी में चल रहा पानी का संकट गहरा गया है। यहां 15 दिन से लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। महावीर नगर निवासी योगेश पाराशर ने बताया कि पड़ोसियों से पानी मांग रहे हैं। कैंपर खरीदकर पेयजल की जरूरत पूरी हो रही है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि टीम भेजकर जांच कराई जा रही है कि लाइन में परेशानी है या अन्य कोई लीकेज संबंधी समस्या है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *