डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में छात्रों को राहत प्रदान करने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। मूल्यांकन और परीक्षाफल के बाद कई छात्रों को कम अंक देने की शिकायत रहती है। स्नातक और परास्नातक के सम-सेमेस्टर के छात्र-छात्राएं मूल्यांकन के बाद ओएमआर शीट देख सकेंगे। इससे नंबर कम आने की समस्या का समाधान होगा। इसके लिए 29 जून से 15 जुलाई तक आवेदन किया जा सकेगा।
छात्रों की सुविधा के लिए यह पहल की जा रही है। बीए, बीएससी, बीकॉम द्वितीय, चतुर्थ व षष्ठम और एमए, एमएससी व एमकॉम के द्वितीय, चतुर्थ व षष्ठम सेमेस्टर की परीक्षाएं हो चुकी हैं। यह परीक्षाएं 23 मई तक हुई थीं। परीक्षाफल में देरी की समस्या को दूर करने के लिए परीक्षा ओएमआर शीट पर कराई गई थी। इसलिए मूल्यांकन में अधिक समय नहीं लगा। इसी का नतीजा है कि अधिकतर परीक्षाओं का परीक्षाफल घोषित किया जा चुका है।
विवि प्रशासन को कई छात्रों की तरफ से अंक कम मिलने की शिकायत मिली है। इस पर ओएमआर शीट दिखाने का निर्णय लिया गया है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि ओएमआर शीट विद्यार्थी खुद देख सकेंगे, जिससे अंक कम वाली शिकायतों का निस्तारण होगा। ओएमआर शीट देखने के लिए छात्र-छात्राएं 29 जून से 15 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
