मानसून सीजन में मंगलवार तड़के जमकर बादल बरसे। दिन के समय भी बूंदाबांदी और बादलों के छाए रहने की वजह से मौसम सुहाना बना रहा। इसकी वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच तीन डिग्री का अंतर रहा। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले तीन दिन बारिश का अनुमान जताया है।
सोमवार रात से मंगलवार तड़के के बीच जिलेभर में 22.6 मिमी बारिश हुई। इसकी वजह से शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में सड़कें तालाब बन गईं। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बारिश की वजह से दिन का अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा। विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिन आंधी के साथ बारिश हो सकती है।