अलीगढ़ में हरदुआगंज थाना क्षेत्र के रामघाट रोड स्थित शाहपुर माइनर के निकट 4 अप्रैल देर रात को हादसा हो गया। ओवरटेकिंग के प्रयास में तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित होकर सामने से आ रही रोडवेज बस से जा भिड़ा। हादसे में ट्रैक्टर चालक सोनू (26) की मौके पर मौत हो गई। हादसे में बस व ट्रॉली में करीब 17 लोग भी घायल हुए है।
जानकारी के अनुसार, महुआखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव निजाबतपुर बोरना में चल रही भागवत कथा के विश्राम के बाद रविवार को गंगा घाट पर भंडारे का आयोजन होना था। इसी के लिए सोनू ट्रैक्टर-ट्रॉली में हलवाई और मजदूरों को लेकर जा रहा था। रास्ते में शाहपुर माइनर के पास पीछे से आए ट्रक ने ओवरटेकिंग के दौरान ट्रैक्टर में टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर माइनर में जा गिरा और ट्रक बस से टकरा गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
राहगीरों ने घायलों को निकालकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी, दीन दयाल अस्पताल और जेएन मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। थानाध्यक्ष हरिभान सिंह राठौर ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तीनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। घटना के बाद 5 अप्रैल को एसएसपी नीरज जादौन ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है।
