
देवदत्ता व उनकी पत्नी हिना गुप्ता
– फोटो : स्वयं
विस्तार
इन दिनों पूरा देश राममय है। अयोध्या में राममंदिर निर्माण और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के इस मौके के साक्षी बनने पर लोग गौरवान्वित व सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। वहीं जिनकी भूमिका मंदिर निर्माण में है, वे खुद को परम सौभाग्यशाली मान रहे हैं। जिन्हें ये अवसर मिला है, वे विरले लोग हैं। इन्हीं में से एक हैं अलीगढ़ की इंजीनियर बेटी हिना गुप्ता। जो अपने इंजीनियर पति देवदत्ता के साथ मंदिर निर्माण में अहम भूमिका निभा रही है।

एएमयू से इंजीनियरिंग करने वाली हिना का कानूनगो परिवार इस उपलब्धि पर बेहद गौरवान्वित है। बेटी दामाद इन दिनों रुडक़ी स्थित सीएसआईआर की लैब केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (सीबीआरआई) में बतौर वरिष्ठ वैज्ञानिक कार्य कर रहे हैं। इन्होंने श्री राम मंदिर के ढांचे की डिजाइन तैयार करने में अहम भूमिका निभाई है।
सीबीआरआई रुड़की भारत सरकार का एक प्रमुख अनुसंधान संस्थान है, जो भवन तकनीक के क्षेत्र में कार्यरत है। इसी संस्थान ने अयोध्या में बन रहे श्री राम मंदिर का डिजाइन तैयार किया है। इसके इंजीनियरों की टीम में रामघाट रोड अवंतिका फेस-दो आर्यनगर निवासी हिना गुप्ता व उनके पति देवदत्ता शामिल हैं। दोनों ही इस संस्थान में तैनात हैं। हिना के पिता दिलीप कुमार गुप्ता आर्यावर्त बैंक से मुख्य प्रबंधक से सेवानिवृत हैं। मां सुमन गुप्ता गृहिणी और उनके भाई हनीश गुप्ता व्यापार करते हैं। हिना व उनके पति को प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने का मौका व निमंत्रण मिला है।
