दिल्ली के लिए सीधी रेल सेवा शुरू होने की लंबे समय से चली आ रही मांग सोमवार को पूरी हो गई। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने बदायूं से दिल्ली से सीधी रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्रीय विकास को नई रफ्तार मिलेगी। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के अंतर्गत बरेली-नई दिल्ली-बरेली इंटरसिटी एक्सप्रेस (14315/14316) का संचालन विस्तार बदायूं और कासगंज तक कर दिया गया है। अब इस ट्रेन का नाम कासगंज-नई दिल्ली इंटरसिटी हो गया है। 16 अप्रैल से ट्रेन का नियमित संचालन शुरू हो जाएगा। रेलवे ने समय सारिणी जारी कर दी है।
बदायूं रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में विशेष गाड़ी 05303 को केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कासगंज, उझानी और बदायूं क्षेत्र के लोगों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि यह रेल सेवा क्षेत्र के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात है, इससे आमजन को दिल्ली सहित प्रमुख शहरों तक सुगम, सुरक्षित और किफायती यात्रा की सुविधा मिलेगी।
आवागमन में होगी सहूलियत
उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के संचालन से छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों तक पहुंच आसान होगी, वहीं व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को भी आवागमन में सहूलियत मिलेगी। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। केंद्रीय मंत्री ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं में हो रहे सुधारों की सराहना करते हुए कहा कि रेलवे लगातार यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए कार्य कर रहा है।
वहीं, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि इस विस्तार से कासगंज, बदायूं और उझानी के यात्रियों को बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, गाजियाबाद होते हुए नई दिल्ली तक सीधी कनेक्टिविटी मिल गई है। इससे व्यापार, इलाज, रोजगार और शिक्षा के लिए यात्राएं और आसान हो जाएंगी।
