Aligarh News: राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर गुरुवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारत में श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में पशुपालन और दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच गौ आश्रय स्थलों को सम्मानित किया गया। साथ ही, संबंधित ग्राम प्रधानों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जिसमें अपर निदेशक ग्रेड-एक, गोधन विकास एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान वक्ताओं ने देश में दुग्ध क्रांति की शुरुआत, उसके विकास और भारतीय अर्थव्यवस्था में दुग्ध उत्पादन की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम का उद्देश्य पशुपालन को बढ़ावा देने के साथ ही गौ संरक्षण और दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले लोगों एवं संस्थाओं को प्रोत्साहित करना रहा।मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दिवाकर त्रिपाठी ने डॉ. वर्गीज कुरियन के योगदान को याद करते हुए बताया कि देश में दुग्ध क्रांति ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। दुग्ध उत्पादन में वृद्धि से किसानों और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। उन्होंने पशुपालन को ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए इसके विकास पर जोर दिया।

वहीं, अपर निदेशक गोधन विकास ने दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए पशुपालन विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने देसी नस्ल की गायों के संरक्षण एवं संवर्धन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि पशुपालकों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर पशुपालन को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच गौ आश्रय स्थलों को सम्मानित किया गया। इनमें विकासखंड जवां के परतापुर, खैर के ऐंचना, लोधा के बादवामिनी तथा धनीपुर विकासखंड के मुसेपुर जलाल और सिकंदरपुर माछुआ स्थित गौ आश्रय स्थल शामिल रहे। इन गौ आश्रय स्थलों से जुड़े ग्राम प्रधानों को भी सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।

कार्यक्रम में अपर निदेशक पशुपालन, अलीगढ़ मंडल, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त एनआरएलएम, दुग्ध विकास विभाग के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से पशुपालन, गौ संरक्षण और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को भविष्य में भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।



Source link

अभी अभी की खबरें