राजधानी लखनऊ में सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सजा अमर उजाला मेधावी सम्मान समारोह का मंच प्रदेश के मेधावी बच्चों को समर्पित रहा। इस मौके पर मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह और अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा समेत कई गणमान्य अतिथियों ने मेधावियों को सम्मानित किया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को सफलता, अनुशासन, समय प्रबंधन और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




Meritorious Students and Messages of Inspiration on One Platform full info Amar Ujala Medhavi Samman Ceremony

अमर उजाला मेधावी सम्मान समारोह
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी


विकसित भारत में हर बच्चा होगा शिक्षित, यूपी बनेगा नंबर वन : केशव

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विकसित भारत का सपना केवल खजाना भरना नहीं है बल्कि हर बच्चे को शिक्षित करना है। वर्ष 2047 में जब देश आजादी की 100वीं वर्षगांठ मना रहा होगा, तब यूपी का हर बच्चा शिक्षित होगा। जिस तरह तमाम क्षेत्रों में आज यूपी आगे हैं, उसी तरह शिक्षा के क्षेत्र में भी हम पहले स्थान पर रहेंगे। आज दुनिया भर में भारतीयों की प्रतिभा की सराहना हो रही है। अब अगली पीढ़ी को देश को विकसित बनाने में अपनी अहम भूमिका निभानी है। वह सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में अमर उजाला द्वारा आयोजित यूपी बोर्ड और संस्कृत बोर्ड के मेधावियों के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।

डिप्टी सीएम ने कहा कि पीएम मोदी ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान चलाया। आज हर क्षेत्र में बालिकाएं आगे बढ़ रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को याद करते हुए कहा कि जब वह नकल अध्यादेश लेकर आए थे तो प्रदेश के बच्चों ने पढ़ना शुरू कर दिया था। उनके पौत्र संदीप सिंह आज बतौर बेसिक शिक्षा मंत्री मंच पर विराजमान हैं जो खुद भी उच्च शिक्षा ग्रहण कर चुके हैं। वहीं प्रदेश में भाजपा सरकार में बतौर लोक निर्माण विभाग के मंत्री रहने के दौरान मेधावियों के घर तक सड़क बनाने की अपनी घोषणा पर बोले कि एक बच्चे ने मुझसे कहा कि घर तक सड़क है, यदि स्कूल तक भी बन जाती तो अच्छा रहता। मैंने उससे कहा कि स्कूल तक भी सड़क बनेगी।

हौसलों से उड़ान होती है

केशव ने कहा कि यदि अभिभावक और गुरुजन अपनी जिम्मेदारी का सही तरीके से निर्वहन करें तो बच्चे को सफल बनने से कोई नहीं रोक सकता। ‘मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है। पंखों से कुछ नहीं होता हौसलों से उड़ान होती है…’ आप पूरे विश्वास के साथ आगे बढ़ो। प्रदेश और देश की सरकार आपके साथ है। आज प्रदेश में पढ़ने और पढ़ाने का माहौल है। आप पढ़ने में रुचि दिखाएंगे तो सरकार भी आपकी मदद करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुनिश्चित करेंगे कि जो बच्चा जिस क्षेत्र में अच्छा करने का प्रयास करेगा, उसी में उसे आगे बढ़ाया जाएगा। आपको इस माहौल का लाभ उठाना चाहिए। अभिभावकों से कहा कि बच्चों के साथ मित्रवत व्यवहार करें। इससे बच्चे खुलकर आपसे अपनी बात कह सकेंगे।


Meritorious Students and Messages of Inspiration on One Platform full info Amar Ujala Medhavi Samman Ceremony

अमर उजाला मेधावी सम्मान समारोह
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी


छात्रों को दिया सफलता का मंत्र, शिक्षकों को बताई महत्ता

माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी सोमवार को अमर उजाला मेधावी सम्मान समारोह में शिक्षक की भूमिका में नजर आईं। उन्होंने छात्रों को सफलता से मंत्र बताएं तो अभिभावकों और शिक्षकों को भी बच्चों का भविष्य संवारने का तरीका समझाया।

उन्होंने अमर उजाला की ओर से आयोजित समारोह की तारीफ करते हुए कहा कि प्रतिभाओं के सम्मान के लिए आगे आना पुनीत कार्य हैं। इससे प्रतिभाओं का उत्साह बढता है। छात्रों से मुखातिब होते हुए कहा कि जिंदगी के हर क्षण में चुनौती है और कड़ी मेहनत करके उससे निपटने के लिए तैयार रहें। जो समय को पकड़े रखता है, उसे ही सफलता मिलती है। जीवन में कुछ बनना है तो अभी से संकल्प लेना होगा। आलस छोड़कर अपनी दिनचर्या सही रखनी होगी। दिनचर्या सही रहेगी तो स्वास्थ्य ठीक रहेगा।

उन्होंने अभिभावकों का आह्वान किया कि बच्चों से मित्र जैसा व्यवहार रखें। ताकि वे बिना झिझक अपनी बात कह सकें। बेटियों की पढ़ाई के लिए आगे आएं। प्रधानमंत्री के बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ अभियान का असर दिख रहा है। अब हर क्षेत्र में बेटियां आगे हैं। उन्होंने अध्यापकों को नसीहत दी। कहा कि शिक्षक समय से विद्यालय आएंगे और छात्रों को पढ़ाएंगे तो कोई भी छात्र कक्षा से बाहर नहीं जाएगा। अध्यापिकाएं अपने रहन-सहन और पहनाएं का ध्यान रखें। तभी सम्मान होगा। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद नकल विहीन परीक्षा हो रही है और प्रतिभाओं को मौका मिल रहा है। अब सरकारी विद्यालय संसाधन के मामले में निजी विद्यालयों से आगे निकल रहे हैं।


Meritorious Students and Messages of Inspiration on One Platform full info Amar Ujala Medhavi Samman Ceremony

अमर उजाला मेधावी सम्मान समारोह
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी


आज के मेधावी करेंगे कल के भारत का नेतृत्व : संदीप सिंह

प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि मेधावी छात्र विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति हैं। आज के मेधावी कल के भारत का नेतृत्व करेेंगे और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में शिक्षा को केवल सफलता का जरिया नहीं, बल्कि जीवन और राष्ट्र निर्माण का आधार माना गया है।

सोमवार को अमर उजाला के मेधावी छात्र सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए संदीप सिंह ने सम्मानित छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि प्रदेश और देश के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है। मेधावी विद्यार्थियों की सफलता अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा हैं। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार कर रही है। वर्ष 2017 में प्रदेश का ड्रॉपआउट रेट करीब 15 प्रतिशत था, जो अब घटकर करीब तीन प्रतिशत ही रह गया है। छात्रों की ट्रांजिशन दर में भी सुधार हुआ है।


Meritorious Students and Messages of Inspiration on One Platform full info Amar Ujala Medhavi Samman Ceremony

अमर उजाला मेधावी सम्मान समारोह में संबोधित करते केशव मौर्य।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी


पढ़ाई ही सब कुछ नहीं है, सामाजिकता भी जरूरी

अमर उजाला के मेधावी छात्र सम्मान समारोह में शामिल होने आए प्रदेश भर के मेधावियों को अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक पार्थ सारथी सेन शर्मा ने जीवन में सफल होने के सूत्र बताए। उन्होंने कहा कि जीवन में सब कुछ पढ़ाई ही नहीं है, सामाजिकता भी जरूरी है। कुछ दोस्त जरूर बनाएं जो आपके दुख-सुख के साथी बनें। कहा, सबसे ज्यादा जरूरी है कि अपने स्वास्थ्य का बेहतर ढंग से ख्याल रखें। इस दौरान उन्होंने मेधावियों के सवालों के जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं को भी शांत किया।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव एक गुरु की भूमिका में नजर आए। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आजकल की शिक्षा काफी बदल गई है जिसमें कंप्यूटर, लैपटॉप और मोबाइल का प्रयोग बढ़ गया है लेकिन हो सके तो स्क्रीन टाइम को कम से कम करिए। यह आपकी नैसर्गिक प्रतिभा को दबाता है। उन्होंने मेधावियों से कहा कि अगर जीवन में सफल होना है तो समय प्रबंधन का खास ध्यान रखना होगा। इसके अलावा विद्यार्थियों को सबसे पहले अपने मन से भय और लोभ को निकालना होगा क्योंकि ये दोनों ही चीजें आपकी सफलता में रोड़ा बन सकती हैं।

लिखने से परिपक्व होते हैं आपके विचार

पार्थसारथी सेन शर्मा ने कहा कि अपनी टेक्स्ट बुक के अलावा भी अच्छी चीजें पढि़ए और सबसे जरूरी है कि अपने विचारों को लिखिए जरूर क्योंकि लिखने से आपके विचार परिपक्व होते हैं। कहा, केवल किताबी ज्ञान पर निर्भर न रहें।




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *