आलापुर। रामनगर-जहांगीरगंज मार्ग से पिपरा बाजार जाने वाले लिंक रोड पर पुलिया निर्माण के लिए सड़क पर मिट्टी डालकर बनाए गए अवरोधक से शनिवार देर रात एक बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार जलालपुर के रेवई निवासी बीरबल (36) की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे उनके पड़ोसी रामसजीवन (35) गंभीर रूप से घायल हो गए।

दिनेश के मुताबिक, उनके भाई बीरबल शनिवार को पड़ोसी रामसजीवन के साथ रामनगर बाजार में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। दोनों रात करीब 8:30 बजे बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान इंदईपुर-बसखारी मार्ग पर पुलिया निर्माण के लिए मिट्टी डालकर बनाए गए अवरोधक से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी रामनगर पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर भेजा गया, जहां देर रात बीरबल ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बीरबल ने हेलमेट नहीं पहना था। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई। रामसजीवन का उपचार जारी है।

परिजनों के मुताबिक, बीरबल कर्बला-मडहरा मार्ग पर नाई की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। चार दिन पहले ही वह अपने जीजा महेंद्र की बाइक लेकर आए थे। शनिवार को उसी बाइक से वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।

सीओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। लोक निर्माण विभाग के जेई सुनील कुमार ने बताया कि डायवर्जन के संबंध में पहले ही जानकारी दी जा चुकी थी और इसके लिए संकेतक बोर्ड भी लगाए गए थे। जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां दूसरी लेयर का अवरोध बनाया गया था, ताकि बड़े और छोटे वाहन सीधे पुलिया से न टकराएं।

मासूमों के सिर से उठा पिता का साया

बीरबल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पति की मौत की सूचना मिलते ही पत्नी सरिता देवी चीखते हुए बेसुध हो गईं। मृतक के दो छोटे बच्चे हैं। इनमें छह वर्षीय बेटा प्रांजल और चार वर्षीय बेटा आरंजल शामिल हैं। बीरबल पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थे। माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। भाई डब्लू, दिनेश और साधुशरण तथा बहन विनोदा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

सड़क पर मिट्टी का ढेर, न रिफ्लेक्टर न बैरिकेडिंग

बसखारी-रामनगर मुख्य मार्ग पर इंदईपुर बाजार के पास नहर पर पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है। इसके चलते बड़े वाहनों का आवागमन रोकने के लिए रामनगर-जहांगीरगंज मार्ग से पिपरा बाजार जाने वाले लिंक रोड के मोड़ पर मिट्टी डालकर अवरोध बना दिया गया था। हैरानी की बात यह है कि सड़क पर मिट्टी का ढेर तो लगा दिया गया, लेकिन वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए रिफ्लेक्टर या बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई। अंधेरे में बना यह अवरोधक हादसे की वजह बन गया, जिसमें बीरबल की जान चली गई।

ट्रेलर की टक्कर से साइकिल सवार वृद्ध की मौत

सद्दरपुर। बसखारी के मसड़ा बाजार में रविवार सुबह तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर की टक्कर से साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान सम्मनपुर के बरौली निवासी बहाऊ (71) के रूप में हुई।

जयप्रकाश के मुताबिक, बहाऊ उनके मामा थे। उनकी कोई संतान नहीं थी और करीब एक दशक पहले उनकी पत्नी का भी निधन हो चुका था। इसके बाद से जयप्रकाश ही उनकी देखभाल करते थे। रविवार सुबह उनके मामा साइकिल से दवा लेने बसखारी बाजार जा रहे थे। इसी दौरान मसड़ा बाजार के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बहाऊ उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सीएचसी बसखारी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद चालक ट्रेलर लेकर भागने लगा, लेकिन हंसवर पुलिस ने वाहन को पकड़ लिया। सीओ अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)

बीरबल (फाइल फोटो)

बीरबल (फाइल फोटो)



Source link