Motorcyclist dies after being hit by an e-rickshaw

मोहित (फाइल फोटो)

अंबेडकरनगर। अकबरपुर-दोस्तपुर मार्ग पर बरधा भिउरा स्थित बिंदेश्वरी महाविद्यालय के पास शनिवार सुबह ई रिक्शा की टक्कर से बाइक सवार मोहित (26) गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मोहित पत्नी की डिलीवरी के लिए चेन्नई से घर आए थे। बेटे के जन्म की खुशियां अभी परिवार में गूंज ही रही थीं कि हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया।


अकबरपुर के कटरिया सम्मनपुर निवासी मोहित चेन्नई में एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। वह 18 नवंबर को पत्नी बिंदु की डिलीवरी के लिए घर आए थे। 19 नवंबर को जिला अस्पताल में बिंदु ने बेटे को जन्म दिया था। शनिवार सुबह मोहित अपने दोस्त को बाइक से सस्पना गांव छोड़ने गए थे। वहां से घर लौटते समय बरधा भिउरा के पास अकबरपुर की ओर से आ रहे ई रिक्शा ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि मोहित उछलकर सड़क पर गिर पड़े। हेलमेट न पहने होने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सीओ अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

मोहित तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके बड़े भाई हनुमान चाय की दुकान चलाते हैं, जबकि छोटा भाई रोहित जयमाल स्टेज सजाने का काम करता है। मोहित का पांच वर्षीय बेटा अनिरुद्ध भी है। नवजात बेटे के जन्म के बाद परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन हादसे ने परिवार को गहरा सदमा दिया। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी बिंदु बेसुध हो गईं। होश में आने के बाद वह बार-बार रोते हुए अचेत हो जा रही थीं। वहीं, बेटे की मौत से पिता रामसुभावन का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में नवजात के आगमन की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

मोहित (फाइल फोटो)

मोहित (फाइल फोटो)



Source link