अंबेडकरनगर। अकबरपुर क्षेत्र में करीब 17 वर्षीय किशोरी के अपहरण व दुष्कर्म के आरोप में विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट मोहन कुमार ने मोहम्मद सैफ के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं। मामला पांच अगस्त 2026 का है। कोर्ट ने गवाही के लिए 23 दिसंबर की तारीख तय करते हुए साक्षियों को तलब किया है।
आरोपी पर शिवाला घाट क्षेत्र से किशोरी को उसके माता-पिता की संरक्षकता से बहला-फुसलाकर ले जाने और विवाह के इरादे से अपहरण करने का आरोप है। आरोप पत्र में उसके साथ बार-बार दुष्कर्म और गंभीर लैंगिक अपराध किए जाने की बात भी कही गई है। सुनवाई के दौरान अभियोजन ने साक्ष्य प्रस्तुत किए। आरोपी ने खुद को निर्दोष बताते हुए रंजिश के चलते झूठा फंसाने की बात कही। कोर्ट ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया आरोप तय किए। आरोपी ने आरोपों से इन्कार करते हुए मुकदमे का सामना करने की मांग की है। संवाद
