अंबेडकरनगर। जिस उम्र में बेटियों के हाथों में किताबें होनी चाहिए, उस उम्र में कुछ के हाथ पीले हो रहे हैं। एक ओर बेटियां शिक्षा, तकनीक और कॅरिअर के नए मुकाम हासिल कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर जिले में बाल विवाह की परंपरा अब भी जारी है। शिक्षा और जागरूकता के प्रयासों के बावजूद बाल विवाह के मामलों में कमी आने के बजाय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस-6) के आंकड़ों के मुताबिक, जिले में 18 वर्ष से पहले शादी करने वाली महिलाओं का अनुपात 5.5 से बढ़कर 6.4 प्रतिशत हो गया है। वहीं, 15 से 19 वर्ष की 1.5 प्रतिशत लड़कियां मां बन चुकी थीं या सर्वेक्षण के समय गर्भवती थीं एनएफएचएस-5 (2019-21) और एनएफएचएस-6 (2023-24) के आंकड़ों की तुलना में बाल विवाह के अनुपात में 0.9 प्रतिशत अंक की वृद्धि हुई है। सर्वेक्षण में 20 से 24 वर्ष की महिलाओं से उनकी शादी की उम्र की जानकारी ली गई थी।

एनएफएचएस-5 में 5.5 प्रतिशत महिलाओं का विवाह 18 वर्ष से पहले हुआ था, जबकि एनएफएचएस-6 में यह आंकड़ा बढ़कर 6.4 प्रतिशत पहुंच गया। यानी हर 100 में छह से अधिक महिलाओं की शादी कानूनी उम्र पूरी होने से पहले हुई। किशोरियों में कम उम्र में गर्भधारण की स्थिति भी चिंता बढ़ाने वाली है। एनएफएचएस-6 के अनुसार, 15 से 19 वर्ष की 1.5 प्रतिशत किशोरियां मां बन चुकी थीं या गर्भवती थीं। एनएफएचएस-5 में यह आंकड़ा शून्य प्रतिशत दर्ज किया गया था। ये आंकड़े बाल विवाह के साथ किशोरियों के प्रजनन स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों को भी उजागर करते हैं।

क्या है राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण

एनएफएचएस देश में स्वास्थ्य, परिवार और पोषण की स्थिति का आकलन करने के लिए कराया जाता है। छठे चरण का सर्वे केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत मुंबई के आईआईपीएस ने कराया। जिले में यह सर्वे 12 जनवरी से 25 दिसंबर 2024 तक चला। इसमें परिवार, महिला, पुरुष और बायोमार्कर से जुड़े चार शेड्यूल के माध्यम से विवाह, प्रजनन, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी आंकड़े जुटाए गए।

बाल विवाह की रोकथाम के लिए गांवों और स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं। लोगों को बाल विवाह निषेध कानून की जानकारी दी जाती है। बाल विवाह की सूचना मिलने पर संबंधित विभागों के समन्वय से कार्रवाई की जाती है। अभिभावकों को बेटियों की कम उम्र में शादी करने के बजाय उनकी शिक्षा और स्वास्थ्य पर ध्यान देना चाहिए।

– राकेश कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी



Source link