अमरोहा। बाबा खाटू श्याम के जन्मोत्सव पर शनिवार को शहर में भव्य निशान यात्रा निकाली गई। हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा… के जयकारों के बीच महिला, पुरुष और बच्चों समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु रंग-बिरंगे निशान लेकर ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूमते हुए आगे बढ़े। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया।

यात्रा सुबह आठ बजे बाबा गंगानाथ मंदिर से शुरू होकर बड़ा बाजार, कोतवाली, बाजार गुजरी, बसवान गंज, बाजार कटरा, घेर मुनाफ, बेगम सराय, शफात पोता, कोट चौराहा और बाजार बटवाल होते हुए पुष्कर नगर स्थित बाबा श्याम मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। सुरक्षा के मद्देनजर कोतवाली पुलिस साथ रही। मंदिर में पूजा-अर्चना और आरती के बाद प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने निशान अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

श्याम भक्त समीर खंडेलवाल ने बताया कि बाबा खाटू श्याम को कलियुग में हारे हुए लोगों का सहारा माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, महाभारत काल में वीर बर्बरीक ने भगवान श्रीकृष्ण को शीश दान किया था। इससे प्रसन्न होकर श्रीकृष्ण ने उन्हें कलियुग में श्याम नाम से पूजे जाने का वरदान दिया।

इस दौरान रोहित अग्रवाल, सारिका अग्रवाल, समीर खंडेलवाल, प्रियंका खंडेलवाल, मोहित अग्रवाल, रूपाली अग्रवाल, तुषार जिंदल, सनी जैन, अनुभव, अंशु अग्रवाल, नीरज अग्रवाल और अशोक अग्रवाल मौजूद रहे।



Source link