बलरामपुर। जिले के चीनी मिल परिक्षेत्र की सात जर्जर सड़कों की मरम्मत पर 2.94 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़कों की मरम्मत होने से जहां ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी, वहीं किसानों को गन्ना क्रय केंद्रों तक अपनी उपज पहुंचाने में भी आसानी होगी।
सदर विधानसभा क्षेत्र की खराब सड़कों के कारण ग्रामीणों और किसानों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीण और किसान लंबे समय से सड़कों की मरम्मत की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों की मांग पर जिला प्रशासन ने शासन को प्रस्ताव भेजा था। शासन स्तर से प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए सात सड़कों की मरम्मत के लिए दो करोड़ 94 लाख 96 हजार रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इसमें पहली किस्त के रूप में एक करोड़ 40 लाख 63 हजार रुपये जारी कर दिए गए हैं।
इसके तहत बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र के खगईजोत संपर्क मार्ग, हरवंशपुर संपर्क मार्ग, भगवानपुर संपर्क मार्ग, खगईजोत से फरेंदा होते हुए दर्जीडीह संपर्क मार्ग, खगईजोत-कल्याणपुर संपर्क मार्ग, खमरिया घाट से सिरिया संपर्क मार्ग और महेशभारी-भैसहवा-विरतिहवा संपर्क मार्ग की सूरत बदलेगी।
क्षेत्र के रघुवीर, मनोज पासवान, रोहित यादव, मंगरे वर्मा और सुमित कसौधन ने बताया कि गन्ना पेराई सत्र के दौरान किसानों को ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों से गन्ना क्रय केंद्रों तक उपज पहुंचाने में काफी दिक्कत होती थी। अब सड़कों की मरम्मत होने से इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
सदर विधायक पल्टूराम ने बताया कि किसानों की समस्याओं को देखते हुए बदहाल सड़कों की मरम्मत के लिए बजट स्वीकृत हुआ है। जर्जर सड़कों के दुरुस्त होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी।
