Vistadome runs after two and a half months, tourists thrilled

बिछिया रेलवे स्टेशन पर पहुंची विस्टाडोम ट्रेन।

बिछिया। मैलानी-नानपारा रेलखंड पर करीब ढाई माह से बंद विस्टाडोम ट्रेन सेवा शुक्रवार से फिर बहाल हो गई। पहले दिन दिल्ली और नोएडा से आए आठ पर्यटकों ने मैलानी से बिछिया तक सफर किया। जंगल के बीच से गुजरती ट्रेन के पारदर्शी शीशों से पर्यटकों ने प्राकृतिक नजारों का आनंद लिया। इस दौरान रास्ते में हिरन, चीतल, पाढ़ा और बारहसिंगा भी दिखाई दिए।


बिछिया पहुंचने के बाद पर्यटक ई रिक्शा और जिप्सी से घड़ियाल केंद्र पहुंचे। वहां उन्होंने घड़ियाल, मगरमच्छ और वेटलैंड को करीब से देखा। करीब ढाई माह बाद ट्रेन सेवा बहाल होने से पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों में भी उत्साह है। दिल्ली और नोएडा से आए पर्यटक विवेक, आस्था, रवि और कुमुदनी ने बताया कि विस्टाडोम कोच से जंगल के बीच सफर का अनुभव बेहद रोमांचक रहा। बड़ी खिड़कियों से प्राकृतिक नजारे देखने और रास्ते में वन्यजीवों की मौजूदगी ने यात्रा को यादगार बना दिया। सुबह मैलानी से रवाना होकर जंगल के नजारों के बीच बिछिया पहुंचना उनके लिए खास अनुभव रहा।

निर्धारित समय पर बिछिया पहुंची ट्रेन

बिछिया रेलवे स्टेशन अधीक्षक सुधांशु गिरी ने बताया कि ट्रेन निर्धारित समय पर बिछिया पहुंची और समय से रवाना भी हुई। अब इस सेवा का संचालन प्रत्येक शनिवार और रविवार को किया जाएगा। मैलानी से ट्रेन सुबह 6:05 बजे रवाना होकर 10:30 बजे बिछिया पहुंचती है। वापसी में बिछिया से सुबह 11:45 बजे चलकर शाम 4:10 बजे मैलानी पहुंचती है। ट्रेन का किराया 275 रुपये निर्धारित किया गया है।

ट्रैक पर पानी के रिसाव के कारण बंद हुआ था संचालन

पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ के जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु राव ने बताया कि करीब ढाई माह पहले भीरा खीरी-पलियाकलां के बीच बाढ़ के दौरान रेल ट्रैक पर पानी का रिसाव होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से विस्टाडोम ट्रेन का संचालन बंद कर दिया गया था। अब गाड़ी संख्या 52259 (बिछिया-मैलानी) और 52260 (मैलानी-बिछिया) का संचालन फिर से शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि ट्रेन में दो विस्टाडोम कोच लगाए गए हैं। इससे स्थानीय यात्रियों के साथ ही दुधवा टाइगर रिजर्व और कतर्नियाघाट वन्यजीव क्षेत्र घूमने आने वाले पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।



Source link