अमरोहा। श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार सुबह शहर में श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रभात फेरी निकाली गई। श्री गुरु सिंह सभा कमेटी की ओर से अध्यक्ष संतनाम बक्शी के नेतृत्व में सुबह पांच बजे आजाद रोड स्थित गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा से प्रभात फेरी का शुभारंभ हुआ।
इसमें बड़ी संख्या में सिख समाज के श्रद्धालुओं ने भाग लिया। प्रभात फेरी आजाद रोड, आईएम इंटर कॉलेज, अंबेडकर पार्क, जेएस हिंदू डिग्री कॉलेज, मंडी चौब, बड़ा बाजार, नगर कोतवाली, सर्राफा बाजार और कोर्ट चौराहा समेत शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान श्रद्धालु गुरु नानक देव के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। प्रभात फेरी मोहल्ला जय ओम नगर में सरदार प्रीतम सिंह के आवास पर पहुंचकर संपन्न हुई।
धनाैरा में किया गुरुओं का गुणगान
मंडी धनौरा। गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व पर रविवार सुबह सिख समाज ने प्रभात फेरी निकाली। गुरुद्वारा से शुरू होकर प्रभात फेरी नगर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए वापस गुरुद्वारा पहुंचकर संपन्न हुई। सबसे आगे एक अनुयायी निशान साहब लेकर चल रहे थे, जबकि महिलाएं कीर्तन कर सिख गुरुओं का गुणगान कर रही थीं। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा से प्रभात फेरी का स्वागत हुआ। गुरदीप सिंह व सर्वजीत सिंह के यहां संगत का स्वागत किया गया। इस मौके पर सुरजीत सिंह, गुरजीत सिंह, त्रिवेंद्र सिंह, मंजीत सिंह, निर्मल कौर और सुरजीत कौर आदि मौजूद रहे।
