अमरोहा। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत शनिवार को जिले के 1625 मतदेय स्थलों पर विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाया गया। कहीं बूथों पर मतदाताओं की भीड़ रही तो कहीं इक्का-दुक्का लोग पहुंचे। पहले दिन करीब तीन हजार लोगों ने नए मतदाता बनने के लिए फार्म-6 जमा किए। वहीं, 2600 ने नाम संशोधन और 1500 ने स्थान परिवर्तन के लिए आवेदन किया। रविवार को भी अभियान चलेगा।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सभी बूथों पर बीएलओ मौजूद रहे। उन्होंने मतदाता सूची में नामों की जांच के साथ नए नाम जोड़ने और संशोधन के आवेदन लिए। अगले वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सूची दुरुस्त की जा रही है, ताकि कोई पात्र मतदाता मतदान से वंचित न रहे।
शनिवार दोपहर 2:20 बजे नगर पालिका परिसर के बूथ संख्या 94 से 99 तक इक्का-दुक्का मतदाता पहुंचे थे। बीएलओ के मुताबिक, कुछ लोगों ने नाम संशोधन तो कुछ ने नए नाम जुड़वाने के आवेदन किए। वहीं, दोपहर 2:30 बजे आईएम इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 85 से 91 तक भीड़ रही। यहां अधिकांश लोग फार्म-6 भरते नजर आए।
एसआईआर में मतदाता सूची से हटे नामों का भी सत्यापन कर पात्र लोगों के नाम शामिल कराने की प्रक्रिया चल रही है। एडीएम वित्त एवं राजस्व गरिमा सिंह ने बताया कि रविवार को भी सभी निर्धारित बूथों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा।
…..
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में बूथों पर जमा हुए फॉर्म
हसनपुर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को विभिन्न बूथों पर कैंप लगाए गए। नगर पालिका कैंप में बीएलओ दिनेश कुमार और सोनू कुमार ने करीब पांच फार्म-6 और दो फार्म-7 जमा किए। वहीं, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के कैंप में बीएलओ मोनू पाल, कौशल गुप्ता, योगेश कुमार, अब्दुल्ला और पंकज कुमार समेत अन्य कर्मी मौजूद रहे। यहां 10 से अधिक फार्म-6 और पांच फार्म-7 जमा किए गए। मतदाताओं से नाम जुड़वाने, संशोधन और विलोपन के आवेदन लिए गए। संवाद
बूथ दिवस पर नए वोट बनवाने को छह आवेदन
मंडी धनौरा। विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को बूथ दिवस आयोजित किया गया। नगर पालिका और प्राइमरी स्कूल संख्या एक, दो व तीन समेत विभिन्न बूथों पर बीएलओ ने आवेदन जमा किए। कन्या जूनियर हाईस्कूल के बूथ पर नए वोट बनवाने के लिए छह लोगों ने फार्म-6 जमा किए। चार लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे गए, जबकि पांच ने संशोधन के लिए आवेदन दिया। संवाद
…….
