बेला थाना क्षेत्र के गांव पुरवा दुजे में सोमवार सुबह एक विवाहिता का शव उसके घर में बेड पर पड़ा मिला। गर्दन पर चोट के निशान भी मिले हैं। पुलिस को शव घर के बाहर बरामदे में रखा मिला। मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव बरहा देवी निवासी मोहिनी (23) की शादी 2024 में गांव पुरवा दुजे निवासी शिवा दोहरे से हुई थी। पति मजदूरी करता है, सोमवार को वह पास के गांव में बने मकान में लेंटर डालने जा रहा था। इसी दौरान पत्नी का शव संदिग्ध हालात में बैड पर पड़ा देख सन्न रह गया। सूचना पर थाना पुलिस व तहसील प्रशासन मौके पर पहुंचा। प्राथमिक जांच में महिला के गर्दन व अन्य जगहों पर चोट के निशान मिले हैं। वहीं महिला की मौत की सूचना पर मायके पक्ष के लोग ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर गांव पहुंचे। गांव में शव न मिलने पर परिजन बिलख पड़े। इसके बाद गुस्साए और रोते-बिलखते परिजन सीधे थाने पहुंच गए और महिला का शव देखने की मांग पर अड़ गए।
